सब्जी मंडी उद्घाटन विवाद गहराया, MLA होशियार सिंह बोले-आरोप सिद्ध हुए तो दे दूंगा इस्तीफा

Friday, May 06, 2022 - 06:50 PM (IST)

देहरा (राजीव शर्मा): सब्जी मंडी उद्घाटन से शुरू हुआ विवाद निर्दलीय विधायक होशियार सिंह के इस्तीफे तक पहुंच गया है। कृषि व पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने देहरा के निर्दलीय विधायक के जूते मारने वाले बयान के बाद जो पलटवार किया, उससे विवाद ने तूल पकड़ लिया है। कैबिनेट मंत्री ने जवाब में होशियार सिंह की संज्ञा एक सियार से कर दी और कह दिया कि सियार कभी सिंह नहीं हो सकते। यह भी कहा कि विधायक को अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। इसके बाद देहरा के निर्दलीय विधायक होशियार सिंह सामने आए और उन्होंने बड़ी बात कही।

होशियार सिंह ने विधानसभा सदस्य से इस्तीफा देने की बात कही। उसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। वहीं होशियार सिंह ने कहा कि कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर उनके मित्र हैं और अगर मेरी किसी बात से उन्हें ठेस पहुंची हो तो मैं माफी मांगता हूं। निर्दलीय विधायक ने यह भी कहा कि मैंने कैबिनेट मंत्री या किसी को भी कोई गाली नहीं दी है। मैंने सिर्फ देहरा के विरोधियों पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा कि यह विरोधी ही मंत्री को गलत जानकारी दे रहे हैं।

होशियार सिंह ने कहा कि मुझ पर यह भी आरोप लगाया गया कि मैंने इससे पहले भी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर को गाली निकाली है लेकिन यह सरासर झूठ है। होशियार सिंह ने यह भी कहा कि कोई भी यह साबित कर दे कि मैंने किसी मंत्री को गाली निकाली है तो वह अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay