वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल सफल, ऐतिहासिक पल के गवाह बने हमीरपुर के बृज लाल ठाकुर

Wednesday, Jul 24, 2019 - 04:05 PM (IST)

हमीरपुर: रेलवे क्रांति में वंदे भारत नई तेज रफ्तार ट्रेन शुरू की गई है। इसकी पहली ट्रेन दिल्ली से वाराणसी को शुरू की गई, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। दूसरी ट्रेन अब दिल्ली से कटड़ा के लिए शुरू की जा रही है, जिसका बीते सोमवार को सफल ट्रायल किया गया तथा हमीरपुर के बृज लाल ठाकुर इसके गवाह बने हैं। बृज ठाकुर अंतर्राष्ट्रीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर के पिता हैं। वे कई सालों से रेलवे में कार्यरत हैं, जिन्होंने इस ट्रायल व ट्रेन को नजदीक से देखा तथा यादगार लम्हों के गवाह बने। अब 15 अगस्त से इस ट्रेन को नियमित रूप से चलाए जाने की संभावना है।

रेलवे में नए अध्याय का सूत्रपात

बृज लाल ठाकुर वंदे भारत को रेलवे में नए अध्याय का सूत्रपात मान रहे हैं। इसमें यात्रियों को पहले से काफी अधिक सुविधाएं तथा कम समय में यात्रा करने का मौका मिलेगा। हमीरपुर जिला की टौणी देवी तहसील के पटनौण गांव के निवासी बृज लाल ठाकुर उत्तर रेलवे में लगभग 30 साल से सेवाएं दे रहे हैं तथा इस समय वह रेलवे में बतौर मेल एक्सप्रैस गार्ड कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि ट्रायल के दिन वंदे भारत ट्रेन दिल्ली से सुबह 6 बजे चली और दोपहर बाद 2 बजे कटड़ा पहुंची। इसे वाया लुधियाना, अंबाला व जम्मू होकर चलाया गया है।

8 घंटों में पूरा होगा दिल्ली से कटड़ा का सफर

दिल्ली से कटड़ा के लिए पहले ट्रेन में 11 घंटे लगते थे लेकिन अब यह सुहाना सफर मात्र 8 घंटों में पूरा हो सकेगा। बंदे भारत ट्रेन की स्पीड प्रतिघंटा 130 किलोमीटर है। ट्रेन में 16 डिब्बे हैं तथा हर डिब्बे में लगभग 78 सीटें हैं। इसमें आरामदायक कार चेयर स्थापित की गई है। उन्होंने बताया कि ट्रेन की मुख्य सुविधाओं में हर सीट में फुट रैस्ट दिए गए हैं, साथ में पानी की बोतल या अन्य सामान रखने की भी जगह है।

ट्रेन में ये सभी चीजें उपलब्ध

ए.सी., टी.वी., हाईक्लास पेंट्री और अपग्रेडेट वॉशरूम इस ट्रेन में उपलब्ध हैं। एक चेयर कार कोच में 78 कुर्सियां हैं। एग्जीक्यूटिव में इनकी संख्या 50 से 52 है। इसके साथ ही कई अन्य सुविधाएं भी इसमें शुमार हैं। बृज लाल ठाकुर ने बताया कि देश की इस नई ट्रेन के ट्रायल में शामिल होने का उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ है तथा इस यादगार लम्हें को वह कभी नहीं भूल सकते।

Vijay