पारंपरिक पूजा व शोभायात्रा के साथ वामन द्वादशी मेला शुरू

Friday, Sep 21, 2018 - 04:47 PM (IST)

सराहां: शुक्रवार को राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेला वामन भगवान की पारंपरिक पूजा एवं शोभायात्रा के साथ आरंभ हुआ। मुख्यातिथि डी.सी. सिरमौर ललित जैन ने वामन भगवान मन्दिर में पूजा-अर्चना की तथा पालकी को कंधा लगाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस मौके पर सैंकड़ों लोगों ने  वामन भगवान का आर्शिवाद प्राप्त किया। इसके उपरान्त पालकी का सराहां बाजार में स्थित सरोवर में नौका विहार भी करवाया गया।

वामन द्वादशी मेला प्रदेश के प्राचीन मेलों में से एक
डी.सी. ने कहा कि वामन द्वादशी मेला प्रदेश के प्राचीन मेलों में से एक है। सरकार द्वारा मेले की मौलिकता एवं पारंपरिकता के दृष्टिगत इसे राज्य स्तरीय मेले का दर्जा प्रदान किया है। मेले को आकर्षक बनाने के साथ-साथ इसकी प्राचीन गरिमा को भी बनाए रखना अनिवार्य है ताकि आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति का बोध हो सके। मेले और त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। इनके संरक्षण के लिए हमें अपनी संस्कृति को संजोए रखना होगा ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी हमारी प्राचाीन सांस्कृतिक धरोहरों से वंचित न रहे। इस अवसर पर डी.सी. द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शिनियों का भी उदघाटन किया।

ये हुए शोभायात्रा में शामिल
शोभायात्रा में विधायक सुरेश कश्यप, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष बलदेव भंडारी, मेला अधिकारी एवं एस.डी.एम. नरेश वर्मा, तहसीलदार  गुरमीत नेगी, तहसीलदार राजगढ़ विवेक नेगी, जिप सदस्य दयाल प्यारी,  प्रधान नरेन्द्र गोसाई, व्यपार मंडल प्रधान सुशील गर्ग सहित मेला समिति के पदाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं लोगों ने भाग लिया। 

Vijay