अम्ब अस्पताल में जल्द भरे जाएंगे पैरा मैडीकल स्टाफ व विशेषज्ञ डॉक्टरों के रिक्त पद

Tuesday, Dec 25, 2018 - 12:58 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): विधायक बलवीर सिंह ने कहा कि 100 बैड के सिविल अस्पताल अम्ब में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए उनकी तरफ से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल में जल्द ही ऑर्थो सर्जन (हड्डी रोग विशेषज्ञ) की तैनाती हो जाएगी और बहुत जल्द पैरा मैडीकल स्टाफ और विशेषज्ञ डॉक्टरों के रिक्त पद भरे जाएंगे। सोमवार को सिविल अस्पताल अम्ब परिसर में स्पैशल डिजिटल एक्स-रे प्लांट का विधिवत लोकार्पण करने के बाद विधायक बलवीर सिंह ने कहा कि अब अम्ब अस्पताल में ही हाईटैक एक्स-रे प्लांट के माध्यम रोगियों को डिजिटल सुविधा सहित एक्स-रे फिल्म मिलेगी। 300 एम.ए. क्षमता के इस प्लांट में रेडियोलॉजिस्ट द्वारा चंद मिनटों में ही ऑनलाइन रिपोर्ट प्रदान की जाएगी।

सी.एम.ओ. ऊना ने बताया कि पी.पी.पी. मोड के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा यह डिजिटल एक्स-रे प्लांट विधायक बलवीर सिंह के प्रयास से स्थापित हुआ है। इसको स्थापित करने में मंदिर न्यास माता चिंतपूर्णी जी द्वारा 5 लाख रुपए का योगदान दिया गया है। कार्यक्रम से पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों ने मुख्यातिथि विधायक बलवीर सिंह को माता चिंतपूर्णी जी की पावन चुनरी और फोटो भेंट करके सम्मानित किया। इस मौके पर चिंतपूर्णी भाजपा मंडलाध्यक्ष शाम कुमार मिन्हास के अलावा जिला चिकित्सा अधिकारी डा. निखिल शर्मा, बी.एम.ओ. अम्ब डा. राजीव गर्ग, एस.एम.ओ. डा. पंकज पराशर, डा. रुपिन्द्र शर्मा एम.डी., खंड स्वास्थ्य शिक्षक राजेश शर्मा व खंड पर्यवेक्षक विजय शर्मा सहित स्टाफ के सभी सदस्य उपस्थित थे।

 

Ekta