American Embassy की अधिकारी कैथरिन फिशर ने किया HPU का दौरा

punjabkesari.in Friday, Oct 18, 2019 - 12:41 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास की अधिकारी कैथरिन फिशर ने वीरवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का दौरा किया। दौरे के दौरान कैथरिन फिशर विश्वविद्यालय की छात्राओं से भी रू-ब-रू हुईं। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने उद्यमशीलता में महिलाएं विषय पर अपने विचार रखे। इसके अलावा उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार के अलावा अधिष्ठाताओं विभागाध्यक्षों, शोध केंद्र के निदेशकों से भी मुलाकात की। कैथरिन फिशर ने इंडो-यू.एस. शैक्षणिक आदान-प्रदान को और अधिक मजबूत करने के लिए स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट, बायो-फ्यूल, स्वरोजगार के लिए कौशल विकास के पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए भी विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने बताया कि अभी आपसी आदान-प्रदान के यह कार्य जयपुर, अजमेर, बनारस और इलाहबाद में चलाए जा रहे हैं और इन्हें शीघ्र ही हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शुरू किया जाएगा। कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार ने दूतावास की अधिकारी का विश्वविद्यालय में आने के लिए आभार व्यक्त किया व बताया कि दोनों देशों के विश्वविद्यालय शैक्षणिक आदान-प्रदान में एक-दूसरे का सहयोग कर सकते हैं तथा व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में व शोध गतिविधियों में आपसी आदान-प्रदान कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज प्रो. अरविंद कालिया ने इस समय विश्वविद्यालय में चलाए जा रहे पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी दी तथा स्नातकोत्तर केंद्र के अतिरिक्त सांध्यकालीन शिक्षण विभाग, क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला आदि केेंद्रों की जानकारी दी। इसके अलावा विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता योजना एवं विकास प्रो. अरविंद भट्ट ने विश्वविद्यालय के लिए लागू होने वाली मानव संसाधन विकास मंत्रालय की योजनाओं व विकास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सूचना तकनीक के सहयोग से विश्वविद्यालय ने पिछले एक वर्ष में महत्वपूर्ण विकास किया है। उन्होंने विश्वविद्यालय में चलाए जा रहे रूसा कार्यक्रम पर भी चर्चा की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News