मनाली में 'UP' के पर्यटकों का हुड़दंग: देर रात ऊंची आवाज में बजाया म्यूजिक, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने काटा चालान
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 02:37 PM (IST)
हिमाचल डेस्क : पर्यटन नगरी मनाली के माल रोड स्थित आईबेक्स चौक पर देर रात हुड़दंग मचाने वाले पर्यटकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। दरअसल, उत्तर प्रदेश से आए कुछ पर्यटकों ने अपनी गाड़ी में जोर-जोर से साउंड सिस्टम बजाकर सार्वजनिक शांति भंग की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को चिन्हित किया और भारी भरकम चालान काट कर अनुशासन का कड़ा संदेश दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात उत्तर प्रदेश नंबर की एक गाड़ी (UP 16 BB 8018) में सवार कुछ युवक आईबेक्स चौक के पास सड़क किनारे वाहन खड़ा कर ऊंची आवाज में संगीत बजा रहे थे और शोर-शराबा कर रहे थे। इस घटना का वीडियो किसी ने इंटरनेट मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और यातायात नियमों की अवहेलना करने पर पर्यटकों का 3500 रुपये का चालान काट दिया।
डीएसपी ने पर्यटकों से की ये अपील
मनाली पुलिस ने इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक अनुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बताया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग और स्थानीय शांति को भंग करने वाले कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मनाली डीएसपी के.डी ने कहा, "यातायात नियमों और सार्वजनिक अनुशासन की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। हम पर्यटकों का स्वागत करते हैं, लेकिन उनसे अपील है कि वे देवभूमि की मर्यादा और सुरक्षा नियमों का सम्मान करें।"

