सैर पर निकले व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दर्दनाक मौत

Thursday, Feb 21, 2019 - 06:33 PM (IST)

देहरा (राजीव): हनुमान चौक के पास ब्यास पुल पर गुरुवार सुबह सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान देवराज (66) पुत्र जैसी राम निवासी सनोट (धवाला) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार देवराज रोज सुबह सैर के लिए जाता था। वीरवार सुबह हर रोज की तरह साढ़े 5 बजे के लगभग वह सैर के लिए निकला था। वीरवार सुबह देवराज को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज

बाद में किसी ने इस दुर्घटना के बारे में देहरा पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में ले लिया। डी.एस.पी. देहरा लालमन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने हिट एंड रन के इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

Vijay