अनजान युवक को बाइक पर लिफ्ट देनी पड़ी महंगी, फिल्मी अंदाज में लुट गया व्यक्ति

Tuesday, Aug 07, 2018 - 07:27 PM (IST)

मानपुरा: बद्दी के एस.पी ऑफिस के पास कांगड़ा निवासी बलवंत सिंह को एक युवक को लिफ्ट देनी काफी महंगी पड़ी। उक्त शातिर फिल्मी अंदाज में उसे जख्मी कर उसका ए.टी.एम. कार्ड व मोबाइल लेकर फरार हो गया है। यह घटना सोमवार देर रात्रि हुई। मंगलवार सुबह उक्त शातिर ने ए.टी.एम. कार्ड से युवक के 16 हजार रुपए निकाल लिए। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।

ए.टी.एम. से पैसे निकालने जा रहा था बलवंत
जानकारी के अनुसार बलवंत सिंह झाड़माजरी की फार्मा कंपनी में काम करता है। सोमवार देर रात्रि वह पैसे निकालने के लिए ए.टी.एम. जा रहा था। इस दौरान बलवंत सिंह से एक युवक ने लिफ्ट मांगी, जिस पर उसने उसे बाइक पर लिफ्ट दे दी। इस दौरान बलवंत सिंह ने ए.टी.एम. काऊंटर पर 500 रुपए निकाले। इस दौरान शातिर भी उसके साथ ही मौजूद था और उसने बलवंत सिंह के ए.टी.एम. कार्ड का पासवर्ड देख लिया था। जब बलवंत सिंह वापस अपने कमरे की ओर आने लगा तो शातिर ने कहा कि अब वह बाइक चलाएगा। इस पर बलवंत सिंह बाइक पर पीछे बैठ गया।

शातिर ने हवा में उछालकर गिरा दी बाइक
इस दौरान शातिर ने लक्कड़ डिपो के समीप बाइक को हवा में उछालकर गिरा दिया, जिससे बलवंत सिंह सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया। इसका फायदा उठाते हुए शातिर युवक उसका पर्स-मोबाइल लेकर फरार हो गया। जब तक बलवंत सिंह उठा तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग चुका था।

ए.टी.एम. कार्ड बंद करने पहले ही निकाले लिए पैसे
बलवंत सिंह ने बरोटीवाला थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह सुबह बैंक जाकर अपना ए.टी.एम. कार्ड बंद करने वाला था लेकिन उससे पहले ही उसे 16 हजार रुपए निकलने का मैसेज आ गया। पुलिस ने बलवंत सिंह के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। डी.एस.पी. खजाना राम ने बताया कि  पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन कर शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।

Vijay