हिमाचल में भाजपा का मिशन रिपीट देख बेचैन हुई कांग्रेस : नरेन्द्र सिंह तोमर

Thursday, Jun 23, 2022 - 07:44 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि हिमाचल में भाजपा के मिशन रिपीट को देखते हुए कांग्रेस बेचैन हो गई है। कांग्रेस का कुछ ऐसा ही हाल वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव से पहले भी था। स्थिति यह है कि कांग्रेस कुछ एक राज्यों तक ही सीमित हो गई है और भाजपा का लगातार विस्तार होता जा रहा है। वह वीरवार को सोलन के पुलिस मैदान में शिमला संसदीय क्षेत्र के त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म या जाति नहीं बल्कि राष्ट्रवाद के आधार पर काम कर रही है। इसी का ही परिणाम है कि देश के 18 राज्यों में भाजपा या फिर एनडीए की सरकार है। वह समय दूर नहीं है जब अन्य राज्य भी कांग्रेस मुक्त हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार में केन्द्र की सभी योजनाएं जनता तक पहुंची हैं। त्रिदेव बूथ स्तर पर भाजपा की संगठनात्मक रचना है। एक समय संगठन में नई-नई योजनाओं में मध्यप्रदेश सबसे आगे था लेकिन पिछले कुछ वर्षों में हिमाचल सबसे आगे निकल गया है। त्रिदेव सम्मेलन व ई-विस्तारक योजना हिमाचल के मॉडल हैं जिसे पार्टी अब पूरे प्रदेश में लागू कर रही है। 

गरीबों को न्याय दिलाना मोदी सरकार का एकमात्र लक्ष्य
तोमर ने कहा कि मोदी सरकार का एकमात्र लक्ष्य है कि गरीबों को न्याय मिले। हर गरीब के पास अपना एक घर हो। इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की गई है। मोदी सरकार देश में किसानों की आय दोगुना करने में कामयाब हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना लगभग तय है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर व गोवा में भाजपा की सरकार रिपीट हुई है। अब हिमाचल की बारी है। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, ऊर्जा मंत्री चौधरी सुखराम, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सहजल, कार्यक्रम के प्रभारी व  विधायक डाॅ. राजीव बिन्दल, खादी बोर्ड के अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया, विधायक परमजीत पम्मी व महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रश्मिधर सूद सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay