केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने साधा निशाना, बोले- कांग्रेस की विचारधारा से भली-भांति परिचित हैं देशवासी

Sunday, May 21, 2023 - 06:15 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिन लोगों ने उम्र भर नफरत फैलाने का काम किया है, भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद, बांटो और राज करो की राजनीति की हो उनके मुंह से मोहब्बत की बात उसी तरह से नजर आती है जैसे तुष्टिकरण की राजनीति। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए अनुराग ठाकुर ने रविवार को ऊना में पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि देशवासी कांग्रेस की विचारधारा से भली-भांति परिचित हैं। राहुल गांधी चुनाव जीतने के लिए जितने मर्जी शोशे छोड़ लें वे कामयाब नहीं होने वाले। कांग्रेस हमेशा तुष्टिकरण के नाम पर वोट लेती रही। भ्रष्टाचार में डूबी हुई कांग्रेस कोई बड़ी बात लेकर जनता के बीच नहीं जा रही है। रेवड़ियां बांटने की बात होती है और कुछ नहीं। 

कर्नाटक की जीत पर कांग्रेस में उत्साह के विषय पर पूछे गए सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2018-2019 के नतीजे भी देखें, जनता ने उस समय भी तय कर दिया था कि आएंगे तो केवल मोदी ही। मोदी ने देश को नेतृत्व दिया है। लोग स्थिरता व निरंतरता चाहते हैं और यह केवल मोदी ही दे सकते हैं। दुनिया के सबसे बड़े ताकतवर देश के राष्ट्रपति ने मोदी के सम्मान में भोज रखा है और उसमें शामिल होने के लिए बड़े-बड़े लोगों की होड़ लगी है। मोदी की लोकप्रियता दुनिया भर में बढ़ी है। 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। इस उपलक्ष्य में भाजपा जनसंपर्क से जनसमर्थन जुटाने जा रही है। इसी विषय को लेकर पार्टी अध्यक्ष कार्यकर्ताओं से रू-ब-रू हो रहे हैं। रणनीति बनाई जा रही है और फीडबैक ली जा रही है। भविष्य की रणनीति भी तय की जाएगी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay