छलावा है न्याय यात्रा, कांग्रेस के नेताओं को ही न्याय नहीं मिल रहा : अनुराग ठाकुर

Sunday, Jan 14, 2024 - 11:54 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक रविवार को भाजपा कार्यालय ऊना में हुई। इस बैठक में केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दाैरान नेताओं द्वारा लगातार कांग्रेस छोड़ने पर चुटकी लेते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा छलावा है। आज जिस कांग्रेस में राहुल गांधी और सोनिया गांधी लोगों को न्याय दिलाने की बात करते हैं वहां कांग्रेस के नेताओं को ही न्याय नहीं मिल रहा है। एक के बाद एक बड़े नेता कांग्रेस को छोड़ रहे हैं। कपिल सिब्बल, गुलाम नबी आजाद, अश्विनी कुमार, हिमंता बिस्वा शर्मा, सुरेश जाखड़, आरपीएन सिंह, अनिल एंटोनी, हार्दिक पटेल, ज्योतिरादित्य सिंधिया और अब मिलिंद देवड़ा ने भी कांग्रेस छोड़ दी है। अपनी पार्टी में ही न्याय न मिलने के कारण आज कांग्रेस छोड़ने वालों की लम्बी लाइन लगी है।

भारतीय जनता पार्टी में सभी को मिलता है सम्मान
अनुराग ठाकुर भारतीय जनता पार्टी में सभी को सम्मान मिला है। हम अच्छे लोगों को अपना परिवार मानते हैं। यही कारण है कि आज कोई मुख्यमंत्री है, कोई केंद्रीय मंत्री है, कोई सांसद है, कोई विधायक है। आज लोग मोदी जी के विकास के साथ जुड़ना चाहते हैं। बैठक में केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार दलितों, शोषितों व वंचितों को मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें संवैधानिक अधिकार के साथ-साथ सामाजिक न्याय और समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य सिकंदर कुमार, पूर्व मंत्री वीरेन्द्र कंवर, जिला भाजपाध्यक्ष बलवीर चौधरी, राम कुमार, बलवीर बग्गा, जिप चेयरपर्सन नीलम कुमारी व अन्य मौजूद थे।

कुछ राजनीतिक दल राजनीतिक मंशा से कर रहे श्रीराम मंदिर कार्यक्रम का विरोध
वहीं सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम नारी में स्वच्छता अभियान में भाग लेने पहुंचे केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने डेरा बाबा रुद्रानंद में अखंड धूने पर माथा टेका। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री वीरेन्द्र कंवर, संसदीय क्षेत्र सह प्रभारी व प्रदेश सचिव सुमित शर्मा, मंडल अध्यक्ष चरणजीत शर्मा, रमेश शर्मा, कमल चौधरी, बलराम, शुभलता, दिलबाग, गुरवचन, मनोहर लाल व अमन उपस्थित रहे। डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम नारी में अनुराग ठाकुर को स्वच्छता अभियान चलाते हुए देखकर श्रद्धालुओं ने भी खूब सराहना की। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 22 जनवरी को अपने-अपने गांव व मोहल्ले में सभी को राम संकीर्तन करने व प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लाइव देखने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ राजनीतिक दल केवल राजनीतिक मंशा से श्रीराम मंदिर कार्यक्रम का विरोध भी कर रहे हैं व निमंत्रण भी स्वीकार नहीं कर रहे हैं और इस कार्यक्रम से दूरी बना रहे हैं। यह श्रीराम मंदिर का कार्यक्रम है। यह आस्था का, सनातन का व धर्म का कार्यक्रम है इसलिए किसी को भी श्रीराम मंदिर के निर्माण को लेकर इस प्रकार का व्यवहार नहीं करना चाहिए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay