चुनाव से पहले कांग्रेस देती है गारंटी और बाद में निकालती है पैसे कमाने के तरीके : अनुराग

Thursday, Nov 30, 2023 - 09:24 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की गारंटियां उतनी ही फर्जी थीं जितने वे फर्जी थे। उतनी ही गारंटियां फेल हुईं जितना इनकी सरकार फेल हुई। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कहां गई 1500 रुपए की गारंटी, क्या किसी महिला के खाते में 15 रुपए भी आए। एक वर्ष हो गया है। कांग्रेस सरकार ने 2 रुपए किलो गोबर व 100 रुपए किलो दूध खरीदना था। गोबर तो छोड़िए यहां तो 40 रुपए किलो दूध भी नहीं खरीदा जा रहा है। कांग्रेस द्वारा 300 यूनिट बिजली फ्री देने का वायदा किया गया था लेकिन फ्री तो क्या पुरानी दरों में भी वृद्धि हो रही है। पानी व्यवस्था का भी बुरा हाल है। 600 करोड़ का स्टार्टअप फंड देना था, वह 6 करोड़ भी नहीं दिए गए। यह कांग्रेस है, चुनाव से पहले बड़ी-बड़ी गारंटियां देती है और बाद में केवल पैसे कमाने के तरीके निकालती है। कांग्रेस राज में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। कांग्रेस की गारंटियां फेल जैसे कांग्रेस फेल। अनुराग ठाकुर ने कहा कि दूसरी तरफ मोदी की गारंटी हर बार सफल होती है।

ऊना में विकसित भारत संकल्प यात्रा वाहन को दी हरी झंडी
इससे पहले अनुराग ठाकुर ने जिला मुख्यालय ऊना में विकसित भारत संकल्प यात्रा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ऊना विधानसभा क्षेत्र के लिए वाहन रवाना करने के अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित व आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है जिसके मद्देनजर 15 नवम्बर को झारखंड से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा का आगाज किया गया है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा 26 जनवरी तक जारी रहेगी तथा देश के अलग-अलग राज्यों के विभिन्न स्थानों पर लोगों को केन्द्र सरकार की जनहित में चलाई जा रही योजनाओं बारे अवगत करवाएगी तथा योजना के पात्र लाभार्थियों को इस दौरान पंजीकृत भी किया जाएगा। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने विकसित व आत्मनिर्भर भारत बनाने के उद्देश्य से उपस्थित लोगों को एक शपथ भी दिलवाई। 

ये रहे मौके पर मौजूद
इस अवसर पर ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती, जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी व उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, पूर्व मंत्री वीरेन्द्र कंवर व सुखराम चौधरी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बलवीर बग्गा, एडीसी ऊना महेन्द्र पाल गुर्जर, उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अंशुल धीमान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. संजीव वर्मा, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कश्यप, कृषि विभाग के उपनिदेशक कुलभूषण धीमान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बलदेव सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप दयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay