वायदे निभाना तो दूर, अब मांगने वाली स्थिति में आ गई कांग्रेस : अनुराग ठाकुर

Saturday, Nov 11, 2023 - 07:26 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते हुए प्रदूषण पर केंद्र सरकार की लगातार नजर है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार जब सत्ता में आई थी तो वह पंजाब की पराली जलाने का राग अलापते रहते थे लेकिन अब तो पंजाब में भी उनकी ही सरकार है और सबसे ज्यादा पराली तो पंजाब के मुख्यमंत्री के गृहजिले में जल रही है। अब इस मामले पर आम आदमी पार्टी के नेता चुप क्यों हैं। अनुराग सिंह ठाकुर हमीरपुर में दीवाली कार्यकर्ता मिलन समारोह में भाग लेने के उपरांत पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे।

हर जगह पूछ रहे लोग, कांग्रेस की गारंटियाें का क्या हुआ?
एक सवाल के जवाब में अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जो फोरलेन एवं अन्य सड़कों का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से किया जा रहा है, उसमें विशेषकर सड़क की गुणवत्ता का अधिक ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां ट्रैफिक की समस्या अधिक है, वहां पर फोरलेन का कार्य चल हुआ है। जिन क्षेत्रों में फोरलेन का कार्य चला है, वह जल्द ही संपन्न हो जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रदेशों के चुनावों में प्रचार अभियान के अंतर्गत मेरा अभी तक 3 राज्यों में जाना हुआ है, जिसमें छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मध्य प्रदेश शामिल हैं। हर जगह लोगों ने पूछा है कि कांग्रेस ने जो गारंटियां दी थीं, उनका क्या हुआ? मैंने सभी को बताया है कि जिस प्रकार कांग्रेस एक फेल पार्टी है वैसे ही उसकी सारी गारंटियां फेल हैं।

23 लाख बहनें आस में बैठीं, एक रुपया तक नहीं मिला
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस अपने किए वायदे निभाना तो दूर, बल्कि आज मांगने वाली स्थिति में आ गई है। यह सरकार लोगों को देने वाली नहीं, बल्कि उनसे लेने वाली के रूप में काम कर रही है। यहां हिमाचल में इन्होंने माता-बहनों को 1,500 रुपए देने का वायदा किया था। आज 23 लाख बहनें आस में बैठी हैं, पर एक को भी एक रुपया तक नहीं मिला। इन्होंने किसानों से 2 रुपए किलो गोबर और 100 रुपए लीटर दूध खरीदने का वायदा किया था, जो पूरा नहीं किया। कांग्रेस ने कहा था कि 1 लाख युवाओं को नौकरियां देंगे, वे एक हजार युवाओं को भी रोजगार नहीं दे पाए। ऐसे ही उन्होंने अनेक वायदे किए हैं, गारंटियां दी हैं लेकिन हुआ कुछ नहीं है। कर्नाटक की भी यही स्थिति है। 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पर 508 करोड़ के एप घोटाले का आरोप 
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों पर केवल गंभीर आरोप ही नहीं लग रहे बल्कि सबूत भी सामने आ रहे हैं। महादेव एप के माध्यम से 508 करोड़ के एप घोटाले का आरोप छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पर है। वहां शराब घोटाला, कोयला घोटाला और महादेव एप घोटाला हुआ। पेपर लीक घोटाला तो 19 बार हुआ। उन राज्यों में कांग्रेस के मंत्रियों और परिवारवालों को ही नौकरियां भी मिल रही हैं। उन्होंने इस मौके पर हमीरपुर जिला वासियों सहित देश व प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष देशराज शर्मा, पूर्व विधायक अग्निहोत्री, भाजपा नेता नरेंद्र अत्री, प्रदेश कार्य समिति सदस्य हरीश शर्मा, उपाध्यक्ष अभयवीर सिंह लवली व अनिल कौशल भी मौजूद रहे। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay