खेलों पर 5 साल में खर्च होंगे 3200 करोड़ : अनुराग ठाकुर

Friday, Apr 14, 2023 - 11:18 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को अणु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में बैडमिंटन कोर्ट, मैट्स हाल, जूडो हाल और बॉक्सिंग हाॅल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, साई के अधिकारियों तथा विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से प्रतिभाशाली खिलाड़ी बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे और आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। 

20 प्रमुख खेलों के लिए जुटाई जाएंगी अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं 
अनुराग ने कहा कि इस राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र का विस्तार किया जाएगा और इसके लिए अगर जमीन उपलब्ध होती है तो यहां कम से कम 20 प्रमुख खेलों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं जुटाई जाएंगी तथा खिलाड़ियों को होस्टल की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया अभियान के तहत 5 वर्षों के दौरान खेल सुविधाओं पर लगभग 3200 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिससे देश भर के खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम में डीसी हेमराज बैरवा, एसपी डाॅ. आकृति शर्मा, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी पूर्ण चंद कटोच, साई के अधिकारी, प्रशिक्षक और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

युवा खिलाड़ियों को दी नसीहत, मैदान में खूब पसीना बहाएं
अणु में सिंथैटिक ट्रैक और अन्य खेल सुविधाओं की चर्चा करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि यहां खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्थानीय उद्यमियों, स्वयंसेवियों, खेल प्रेमियों और समाज के प्रमुख लोगों को आगे आना चाहिए। युवा खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत करने की नसीहत देते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि वे अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयारी करें तथा मैदान में खूब पसीना बहाएं, तभी वे जीवन में बेहतरीन खिलाड़ी बन सकेंगे।

डाॅ. बीआर अम्बेदकर को दी श्रद्धांजलि 
केंद्रीय मंत्री ने संविधान निर्माता डाॅ. बीआर अम्बेदकर को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश के प्रति उनके योगदान का स्मरण किया। इस अवसर पर साई की क्षेत्रीय निदेशक ललिता शर्मा ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया तथा राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में खिलाड़ियों को उपलब्ध करवाई जा रहीं सुविधाओं की जानकारी दी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 

 

Content Writer

Vijay