लोगों के लिए सपने की तरह था पहाड़ों में ट्रेन आना, मोदी ने किया साकार : अनुराग

Thursday, Oct 13, 2022 - 04:10 PM (IST)

ऊना (विशाल): पहाड़ों में ट्रेन आना लोगों के लिए सपने की तरह था, जो साकार नहीं हो रहा था। 30 वर्ष लग गए रेल ऊना तक मुश्किल से पहुंच पाई थी लेकिन प्रधान सेवक नरेन्द्र मोदी के 5 वर्षों के कार्यकाल में ही दौलतपुर चौक तक ट्रेन पहुंच गई। आज वंदे भारत एक्सप्रैस भी हिमाचल के ऊना में चलने लगी है, जोकि अपने आप में एक मील का पत्थर है। यह बात ऊना के इंदिरा मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कही। 

अनुराग ने कहा कि दौलतपुर चौक तक रेल लाइन का विद्युतीकरण हो गया और 9 नई ट्रेनें भी चलने लगीं। देश की चौथी वंदे भारत ट्रेन ऊना से चल रही है। जहां 70 साल में हिमाचल की ओर किसी ने नहीं देखा, वहां वंदे भारत एक्सप्रैस देकर मोदी ने हिमाचल को देश से जोडऩे का काम किया है। अनुराग ने कहा कि वंदे भारत एक ट्रेन का नाम नहीं है, बल्कि विश्वास का नाम भी है। विश्वास घटती दूरियों का, जुड़ते रिश्तों, बढ़ती संभावनाओं, आगे बढऩे और मोदी की वचनबद्धता का है। जो सोचा नहीं, उससे बढ़कर प्रधान सेवक ने दिया है। भानुपल्ली से बिलासपुर रेल लाइन मांगी जाती रही और पूर्व की सरकारों ने कुछ नहीं दिया, लेकिन केंद्र में मोदी की सरकार आने पर अब इस रेल लाइन के कार्य को भी तेज गति मिली है। 

अनुराग ने कहा कि आज सड़कों पर लंबी कतारें लोगों की मोदी के स्वागत में लगी हैं, जिससे पता लगता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हिमाचल की जनता किस कदर प्यार करती है। जनता मोदी के आने का इंतजार करती है कि कब मोदी आएं और हिमाचल को विकास के नए आयाम मिलें। मोदी का हिमाचल में आना वरदान की तरह है। अनुराग ने कहा कि पूर्व सैनिकों की मांग पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने उठाई थी और मोदी ने उसको पूरा किया। उन्होंने कहा कि ऊना को पीजीआई सैटेलाइट सैंटर, ट्रिप्पल आईटी और बल्क ड्रग पार्क जैसे प्रोजैक्ट हिमाचल को केवल मोदी सरकार ही दे पाई है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay