अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स काम्पलैक्स रखा जाएगा लुहणू मैदान का नाम : अनुराग ठाकुर

Saturday, Oct 08, 2022 - 11:02 PM (IST)

बिलासपुर (राम सिंह): केंद्रीय युवा सेवाएं व खेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने घोषणा की है कि शीघ्र ही बिलासपुर शहर के लुहणू मैदान में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की हॉकी का स्तर बनाने के लिए एस्ट्रोटर्फ बिछाई जाएगी और इस खेल परिसर का नाम अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स काम्पलैक्स रखकर इसे जल, थल व नभ सभी प्रकार के खेलों के लिए केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने शनिवार को देर सायं लुहणू मैदान में केंद्रीय वित्त सहायता से बने 9.35 करोड़ रुपए के 400 मीटर के 8 लेयर सिंथैटिक ट्रैक का उद्घाटन किया। उन्होंने इंडोर स्टेडियम में उपस्थित खिलाड़ियों व जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस खेल परिसर में कम से कम 20-25 खेलों को अत्यंत सुविधाओं के साथ एक साथ खेला जा सकता है। 

अनुराग ठाकुर ने घोषणा की कि इस खेल परिसर में इस समय जो भी कमियां हैं उनके लिए शीघ्र ही धन उपलब्ध करवाकर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हालांकि यहां वर्षों पूर्व बना एक इंडोर स्टेडियम उपलब्ध है किंतु समय की आवश्यकतानुसार एक अतिरिक्त इंडोर स्टेडियम और एक उच्च स्तरीय जिमनेजियम बनाया जाएगा, जिसके लिए उन्होंने तत्काल स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि इस सारे मैदान को खूबसूरत बनाने के लिए ग्रास कटर, पानी का टैंक सहित चेंजिंग रूम और शौचालयों की व्यवस्था आदि की भी व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि इस मैदान को अगले 50 वर्षों तक छोटी-बड़ी खेलों के लिए विकसित किया जाएगा ताकि यहां विश्व के मानचित्र पर उभरकर आए।

इस दौरान अनुराग ठाकुर ने खेल अधिकारियों के साथ लुहणू परिसर के खेल मैदानों का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर सदर विधायक सुभाष ठाकुर, विभिन्न खेलों के कोच, डीसी बिलासपुर पंकज राय, एसडीएम सदर रामेश्वर, भाजपा जिलाध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, बीसीसीआई सदस्य विशाल जगोता, एएसपी राजेंद्र कुमार, खेल विभाग के उपनिदेशक सुबोध रोबोल, नगर परिषद अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, नगर परिषद बिलासपुर उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप भी उपस्थित थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay