पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए चम्बा को हैरिटेज टाऊन के रूप में किया जाए विकसित : अनुराग

punjabkesari.in Friday, May 13, 2022 - 11:45 PM (IST)

चम्बा (काकू): चम्बा को हैरिटेज टाऊन के रूप में विकसित किया जाए ताकि दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके और आय बढ़ाने का साधन बन जाए। यह बात केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को चम्बा के ऐतिहासिक चौगान में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं युवा प्रोत्साहन पर्व के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि विदेशों में जहां हैरिटेज भवन होते हैं उस एरिया को ओल्ड टाऊन कहा जाता है। चम्बा शहर में भी कई हैरिटेज भवन हैं। अनुराग ठाकुर ने डीसी दुनी चंद राणा को कहा कि इन भवनों तक पर्यटकों को पहुंचाने के लिए हैरिटेज वाक शुरू करवाई जाए ताकि अधिक से अधिक पर्यटक इन खूबसूरत जगहों की यात्रा कर सकें और हैरिटेज टाऊन के नाम से जाना जा सके। उन्होंने कहा कि चलो चम्बा अभियान में बहुत कुछ करने की जरूरत है। कार व बाइक रेस, बोटिंग या पैराग्लाइडिंग के लिए यहां पहुंचने वालों को हैरिटेज भवनों से भी अवगत करवाया जाए। इसके साथ ही इन भवनों के पास स्वयं सहायता समूहों के स्टाल स्थापित किए जाएं, ताकि उनके उत्पादों को भी पर्यटक खरीद सकें। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ वर्षों में राज्य में कोई भी कच्चा घर नहीं रहेगा। उन्होंने 500 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन मेडीकल कालेज और पेयजल सुविधा, सड़क संपर्क आदि सहित कई विकास परियोजनाओं को सूचीबद्ध किया।

5 विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे 5 इंडोर स्टेडियम
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने चम्बा के सभी 5 विधानसभा क्षेत्रों में 5 इंडोर स्टेडियमों के अलावा प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में 10 मल्टी-व्यायामशालाओं के निर्माण की घोषणा की, ताकि युवा खुद को एक अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए प्रशिक्षित कर सकें। उन्होंने युवाओं में शारीरिक दमखम को बनाए रखने के लिए इनका बेहतर उपयोग करने को कहा। यह भी कहा कि आने वाले समय में उपयोगिता के आधार पर विधानसभा क्षेत्र वार इनकी संख्या को 100 तक बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर लोकसभा सांसद किशन कपूर, वन, युवा सेवाएं और खेल मंत्री  राकेश पठानिया, विधानसभा उपाध्यक्ष डा. हंसराज और स्थानीय विधायक पवन नैयर, विधानसभा के मुख्य सचेतक विक्रम सिंह जरियाल, विधायक जियालाल कपूर, अध्यक्ष कृषि उपज एवं विपणन समिति डी.एस. ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी, अध्यक्ष नगर परिषद नीलम नैयर, जिला भाजपा अध्यक्ष जसवीर नागपाल सहित गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।

आप बुलाएं या न बुलाएं, मिंजर मेले में आऊंगा
अनुराग ठाकुर ने कहा कि चम्बा में अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला होता है, लेकिन आज तक उन्हें मिंजर मेले में आने का मौका नहीं मिल पाया। वर्ष 2000 में हमीरपुर क्रिकेट टीम के साथ चम्बा में खेलने आया था, लेकिन इस बार मेला देखना है। आप बुलाएं या न बुलाएं, लेकिन इस बार सुनिश्चित कर रहा हूं कि मिंजर मेले में आऊंगा। यही नहीं दो रात यहां रहने वाला हूं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News