केंद्रीय राज्य कृषि मंत्री बोले-देश में दलालों की नहीं आम आदमी की सरकार

Monday, Aug 28, 2017 - 12:03 AM (IST)

कुल्लू: जब से देश में भाजपा की मोदी सरकार ने कार्यभार संभाला है, देश के प्रत्येक नागरिक को अहसास हो रहा है कि कोई सरकार कार्य कर रही है। ऐसा कोई प्रधानमंत्री पहले नहीं हुआ, जिसने लाल किले से देश में प्रत्येक घर में शौचालय बनाने की बात कही हो। आज पता चलता है कि देश में दलालों की सरकार नहीं बल्कि आम आदमी की सरकार है। यह बात रविवार को भाजपा द्वारा ढालपुर के देव सदन में आयोजित नया भारत संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य कृषि एवं पेयजल प्रबंधन पुरुषोत्तम रुपाला ने कही।

नड्डा ने वो कर दिखाया जो इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ
उन्होंने कहा कि आज तक मैडीकल स्टोर में अगर हम जाते थे तो कभी मोल-भाव नहीं किया जाता था लेकिन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने वो कर दिखाया जो इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था। उन्होंने दिल के मरीजों के लिए डाला जाने वाले स्टेंट के बारे में जांच की जोकि 1 लाख से डेढ़ लाख तक दिया जाता था। उसे नड्डा ने जांच के बाद पाया कि उस स्टेंट की कीमत मात्र 7 हजार रुपए है। उसके बाद उन्होंने फैसला लिया कि इसकी अधिकतम कीमत 28 हजार रुपए होगी। यही नहीं, उन्होंने सभी जरूरी दवाइयों की कीमत में 50 प्रतिशत की गिरावट करने के भी आदेश दिए हैं।

आज भारत के साथ खड़े हैं सभी देश
उन्होंने कहा कि आज जिनेवा में पर्यावरण से संबंधित होने वाली बैठक में अमरीका, रूस या कोई और देश क्या बोल रहा है, यह नहीं देखा जाता बल्कि यह देखा जाता है कि भारत के प्रधानमंत्री क्या कहेंगे। सभी देश आज भारत के साथ खड़े हैं और पाकिस्तान अलग-थलग पड़ गया है। उन्होंने कहा कि क्या हमें संकल्प नहीं लेना चाहिए कि हम एक बच्चे को शिक्षा के लिए किताबें और पहनने के लिए वर्दी दें। इस अवसर पर लोकसभा सांसद राम स्वरूप शर्मा, विधायक गोबिंद ठाकुर, विधायक महेश्वर सिंह, भाजपा प्रदेश महासचिव राम सिंह, जिला अध्यक्ष भीमसेन, पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा, प्रदेश सचिव अमित सूद सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।