प्रंघाला नाला पर निर्माणाधीन पुल गिरा, 30 लाख रुपए का नुक्सान

Monday, Aug 08, 2022 - 11:18 AM (IST)

भरमौर (उत्तम): बारिश के कारण भरमौर-हड़सर मार्ग पर प्रंघाला नाला में निर्माणाधीन बैली ब्रिज भारी चट्टान गिरने से ढह गया है। इससे वाहनों की आवाजाही ठप्प हो गई है। वहीं पवित्र मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। बारिश के बाद प्रंघाला नाले का जलस्तर काफी बढ़ गया है। पुल के आसपास होने भूस्खलन हो रहा है और दलदल हो गया है। ऐसी स्थिति रही तो मणिमहेश यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

पुल को करीब एक महीने में पुल तैयार करने का लक्ष्य था, लेकिन अब मणिमहेश यात्रा से पहले पुल का बनना संभव नहीं है। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता संजीव महाजन ने बताया कि पुल ढहने से करीब 30 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। उधर, जिले के सलूणी उपमंडल के किहार, डांड आदि क्षेत्रों में बादल फटने से नदी नाले उफान पर हैं। बाढ़ की चपेट में आने से लोगों के घरों में पानी घुस गया है और कुछ घरों को काफी नुक्सान पहुंचा है।
   

Content Writer

Kaku Chauhan