ऊना का तापमान 43 डिग्री के पार, कल से बिगड़ेंगे मौसम के मिजाज

Thursday, Jun 14, 2018 - 12:11 AM (IST)

शिमला: प्रदेश में शुक्रवार से एक बार फिर मौसम के मिजाज बिगड़ने के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने 16 और 17 जून को आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है। आगामी 19 जून तक बारिश होने की संभावना बनी हुई है। प्रदेश में बीते सप्ताह से गर्मी में काफी इजाफा हुआ है। ऊना में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सैल्सियस पार कर चुका है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी तापमान में काफी बढ़ौतरी दर्ज की गई है। हालांकि बीते 24 घंटों में राज्य के कुछेक क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, ऐसे में तापमान में हल्की गिरावट भी दर्ज की गई।


सलूणी में 31 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड
बीते 24 घंटों के दौरान सलूणी में 31, छतरी में 16, चम्बा में 6 और धर्मशाला व जोगिंद्रनगर में 3 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। राजधानी शिमला की बात करें तो यहां बीते 3 दिनों से गर्मी में काफी वृद्धि हुई। दिनभर चटक धूप से तापमान 28 से 30 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। बुधवार को भी शिमला में काफी गर्मी थी, ऐसे में पर्यटकों व स्थानीय लोगों को रिज पर आईसक्रीम व कोल्ड ड्रिंक्स पीते देखा गया। प्रदेश में बुधवार को मौसम में सुबह से ही तल्खी रही, जिससे लोगों को गर्मी में दिनभर परेशानी उठानी पड़ी।


तापमान पर एक नजर
राज्य में ऊना जिला सबसे गर्म रहा, जहां पारा 43 डिग्री पार कर गया। यहां आज अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सैल्सियस पहुंच गया। एक दिन पहले यहां तापमान 42.4 डिग्री सैल्सियस था। इसके अलावा बिलासपुर में 39.4, कांगड़ा में 39, हमीरपुर में 38.4, चम्बा में 38, सुंदरनगर में 37.4, भुंतर में 36.5, नाहन में 36 और सोलन में 36 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। पहाड़ों की रानी शिमला भी गर्मी के प्रकोप से अछूती नहीं रही, यहां का अधिकतम तापमान एक डिग्री की बढ़ौतरी के साथ 28.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया जबकि धर्मशाला में लोगों को गर्मी से राहत मिली और यहां पारा 24.4 डिग्री सैल्सियस रहा।


16-17 जून को आंधी चलने की चेतावनी
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 15 से 19 जून तक हिमाचल में मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। 16 व 17 जून को राज्य के मैदानी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में प्रचंड आंधी चलेगी।

Vijay