आसमान में धूल के गुबार, बढ़ी लोगों की मुसीबतें

Friday, Jun 15, 2018 - 05:52 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र):  मौसम में धूल के कणों की अत्यधिक मात्रा के चलते जिला ऊना में शुक्रवार को पूरी तरह से आसमान में धुंध छाई रही। पूरा दिन मौसम साफ नहीं हुआ और सड़कों पर भी बहुत कम विजीविल्टी देखने को मिली। अधिकतर वाहनों की दिन में ही लाइटें जली हुईं नजर आईं। पिछले कल से इस प्रकार के मौसम ने हर किसी को चिंता में डाल दिया है। एक तरफ हवा में अत्यधिक धूल के कण और दूसरी तरफ बढ़ती गर्मी की वजह से लोग परेशान नजर आए। न्यूनतम तापमान भी जिला ऊना में 27 डिग्री सैल्सियस  तक पहुंच गया जबकि अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया है। सहायक मौसम अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक न्यूनतम तापमान बढऩे की वजह से गर्मी अधिक हुई है।

एलर्जी से पीड़ित लोगों को आ रहीं दिक्कतें
 जिला भर में चारों तरफ धूल ही धूल आसमान में होने की वजह से लोगों को सांस संबंधी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। खासकर उन लोगों के लिए जो एलर्जी से पीड़ित है उन्हें खासी समस्या आ रही है। कुछ लोगों को इसके लिए अस्पताल का रुख भी करना पड़ा है।  प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक ऊना का आर.एस.पी.एम. लेबल काफी बढ़ गया है। हालांकि सामान्य तौर पर यह लेबल 70 तक रहता है परन्तु वीरवार को यह बढ़कर 87.7 हो गया है। बोर्ड के मुताबिक इसकी अधिकतम लिमिट 100 निर्धारित की गई है लेकिन ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि यह लेबल इस स्तर पर पहुंचा हो।

पी.एम. लेबल बढ़ रह है वह निश्चित रूप से चिंताजनक है
 यद्यपि शुक्रवार को पी.एम. लेबल यानी हवा में किस मात्रा में धूल के कण मौजूद हैं इसका आंकलन सोमवार को बोर्ड द्वारा किया जाएगा लेकिन इससे पहले के दिनों का यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। 11 जून को यह लेबल 74.2, 12 जून को 69.50, 13 को 71.6 जबकि 14 जून को यह लेबर 87.7 अंक तक बढ़ गया था। बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को यह लेबल और भी अधिक हो सकता है जिसका अभी मापा जाना बाकी है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जे.ई. राहुल के मुताबिक जिस तरीके से पी.एम. लेबल बढ़ रह है वह निश्चित रूप से चिंताजनक है।

Kuldeep