पी.जी.आई. टीम ने जांचीं सैटेलाइट सैंटर की तैयारियां

Wednesday, Mar 06, 2019 - 04:27 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): करीब 500 करोड़ रुपए की लागत से ऊना के निकट मलाहत में बनने वाले पी.जी.आई. सैटेलाइट सैंटर के निर्माण के लिए कदमताल शुरू हो गई है। इस सैंटर का शिलान्यास 7 मार्च को किया जाएगा। तैयारियों का जायजा लेने के लिए पी.जी.आई. चंडीगढ़ की एक टीम मंगलवार को ऊना पहुंची। पी.जी.आई. चंडीगढ़ के डायरैक्टर डा. जगत राम के नेतृत्व में टीम ने मौके पर तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ डी.सी. राकेश प्रजापति सहित तमाम अन्य अधिकारी मौजूद थे। मलाहत में 400 कनाल जमीन को पी.जी.आई. सैटेलाइट सैंटर के नाम ट्रांसफर कर दिया गया है। तमाम औपचारिकताओं के बाद अब इसका विधिवत रूप से शिलान्यास किया जाएगा। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व सांसद अनुराग ठाकुर शिलान्यास मौके पर पहुंचेंगे। डी.सी. राकेश कुमार प्रजापति ने प्रशासन द्वारा किए जा रहे इंतजाम की विस्तार से पी.जी.आई. टीम को जानकारी दी। इन तैयारियों पर पी.जी.आई. की टीम ने संतोष प्रकट किया है।

Kuldeep