मोदी के नाम पर अमेरिकन राष्ट्रपति चुनाव जीत सकता है तो सांसद भी जीतेगा : धूमल

Monday, Jan 28, 2019 - 09:50 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कार्यकत्र्ता ठान लें कि यह चुनाव उनका है जो भाजपा प्रत्याशियों की जीत को रोका नहीं जा सकता है। हर विधानसभा और संसदीय क्षेत्र की जीत में कार्यकर्ताओं/पन्ना प्रमुखों का बेहद योगदान होता है व यह ही प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करते हैं। धूमल ने कहा कि बूथों को मजबूत करने के लिए त्रिदेव का गठन देशभर में सबसे पहले हिमाचल में किया गया और शिमला में इसका पहला सम्मेलन हुआ जिसकी दिल्ली तक प्रशंसा हुई। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुखों का गठन करके कार्यकर्ताओंं का बोझ बांटा गया और सबकी समान जिम्मेदारी तय की गई। धूमल ने कहा कि मतदाताओं को मार्क किया जाए। कौन हमारा, कौन विरोधी और कौन मतदाता न्यूट्रल है इसकी जानकारी एकत्रित की जाए और मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकप्रिय नेता के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है जबकि विपक्ष कई टुकड़ों में बंटकर नेता विहीन होकर चुनाव लड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प नरेन्द्र मोदी का नाम लेकर अंतिम क्षणों में चुनाव जीते हैं। जब मोदी के नाम पर अमेरिका का राष्ट्रपति जीत हासिल कर सकता है तो भारत में सांसद भी जीत हासिल कर सकते हैं।

अपने-अपने हिस्से के 30 मतदाताओं पर करें फोक्स : शांता

कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के सांसद शांता कुमार ने कहा कि इलैक्शन इज टोटल वार (चुनाव पूर्ण रूप से युद्ध है) और इसमें इस बार कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए क्योंकि लम्हों की खता सदियों की सजा देती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में न तो भाजपा की सरकार केंद्र में थी और न ही प्रदेश में लेकिन फिर भी भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की थी। अब भाजपा के पास विकास कार्यों के नाम पर बताने के लिए लम्बी सूची है और वहीं सूची लेकर कार्यकत्र्ता जनता के बीच जाकर उन्हें अवगत करवाएं। सांसद शांता कुमार ने पन्ना प्रमुखों से आग्रह करते हुए कहा कि वह देश-प्रदेश व जिलों की चिंता छोड़ कर अपने हिस्से के 30 मतदाताओं पर ध्यान फोक्स करें तो भाजपा प्रत्याशियों की जीत पक्की है।

बूथों पर लीड दिलवाओ और मंै विकास दूंगा : अनुराग ठाकुर

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की सीट से भाजपा को लगातार पन्ना प्रमुखों ने जितवाया है। 2014 में देश में एक ही नारा था कि भ्रष्टाचार मुक्त देश बनाना है और मोदी सरकार ने यह करके दिखाया है। 5 वर्ष के कार्यकाल में न तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर और न ही उनके मंत्रियों पर किसी तरह के भ्रष्टाचार का आरोप है। पूर्व की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के चलते बदनाम रहीं थी लेकिन मोदी ने स्वच्छ शासन जनता को दिया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 5 वर्षों में ही नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल को इतना कुछ दिया है। उन्होंने पंडाल में उपस्थित पन्ना प्रमुखों से आह्वान करते हुए कहा कि अपने-अपने बूथों पर लीड दिलवाओ और मैं विकास दूंगा। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि अभी तो यह शुरूआत है। मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत आगे बढ़ा है और आगामी 5 वर्षों में इसको विकास के मामले में प्रथम 3 देशों की सूची में लाकर खड़ा किया जाएगा।

Kuldeep