ऊना के धार्मिक स्थल में मिला नर कंकाल, फैली सनसनी

Sunday, Oct 27, 2019 - 01:09 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): ऊना जिला के मैड़ी में एक नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है। नर कंकाल के अंग अलग-अलग इधर-उधर पड़े हुए बरामद हुए हैं। सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक उपमंडल अम्ब के तहत सुप्रसिद्ध डेरा बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में मेले के दौरान लगने वाली लाइट मोटर व्हीकल पार्किंग क्षेत्र में यह नर कंकाल बरामद हुआ है।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह स्थानीय लोग एक व्यक्ति की मौत के बाद जंगल में लकड़ी काटने जा रहे थे कि रास्ते में नर कंकाल के अंग बरामद हुए। ग्राम पंचायत प्रधान रविन्द्र कुमार का कहना है कि मैड़ी के वार्ड नंबर एक में सुनसान जगह पर यह अंग बरामद हुए हैं। नर कंकाल करीब 6 महीने पुराना बताया जा रहा है। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया है। नर कंकाल को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
 

Ekta