ऊना में कमर्शियल टेंडम पैराग्लाइडिंग को हरी झंडी, चुल्हड़ी को टेकऑफ और अंदरोली को लैंडिंग साइट के तौर पर किया गया अधिसूचित

Thursday, Dec 09, 2021 - 03:14 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : जिला ऊना के पर्यटन विकास में एक और मील का पत्थर जुड़ चुका है। प्रदेश सरकार द्वारा जिला ऊना के ऊपरी क्षेत्रों में कमर्शियल टेंडम पैराग्लाइडिंग की अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिसके तहत अब कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के चुल्हड़ी को टेक ऑफ और अंदरोली को लैंडिंग साइट के रूप में आधिकारिक अनुमति मिल गई है। जल्द ही इन क्षेत्रों में प्रदेश के मैदानी इलाकों के साथ साथ पंजाब और हरियाणा राज्यों के लोगों को भी पैराग्लाइडिंग की सुविधा नजदीकी क्षेत्र में हासिल हो सकेगी। इतना ही नहीं स्थानीय लोगों को इस सुविधा से प्रत्यक्ष और परोक्ष रोजगार के भी समुचित अवसर मिल सकेंगे। स्थानीय क्षेत्र के युवा पैराग्लाइडिंग के क्षेत्र में कैरियर स्थापित करते हुए आजीविका प्राप्त कर सकेंगे। 

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के चुल्हड़ी को कमर्शियल टेंडम पैराग्लाइडिंग के तहत टेक-ऑफ तथा अंदरौली को लैंडिंग साइट के रूप में अधिसूचित कर दिया गया है। पर्यटन विभाग ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दी है। पर्यटन विभाग की इस अधिसूचना को जिला के पर्यटन विकास में मील का बड़ा पत्थर माना जा रहा है। हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों के बाद अब मैदानी क्षेत्रों के ऊपरी इलाकों में भी साहसिक गतिविधियां आधिकारिक रूप से शुरू हो सकेगी। कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक अवसर है, जब कुटलैहड़ के चुल्हड़ी से पैराग्लाइडडर्स को उड़ान भरने की औपचारिक अनुमति मिल गई है।

पर्यटन विभाग की अनुमति मिलने से अब यहां पर व्यावसायिक स्तर पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियां की जा सकेंगी, जिससे क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा दूर-दूर से पर्यटक यहां पर पैराग्लाइडिंग करने के लिए आएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। डीसी राघव शर्मा ने कहा कि अंदरौली में जल क्रीड़ाओं के लिए बीबीएमबी से अनुमति मिलने के बाद वॉटर स्पोर्ट्स का ट्रायल भी सफल रहा है। बहुत जल्द गोबिंद सागर झील में जल क्रीड़ाएं शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ को साहसिक खेलों के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पैराग्लाइडिंग गतिविधियां शुरू कर दी जाएगी।
 

Content Writer

prashant sharma