Una: भाजपा के एक गुट से जयराम की कुर्सी को खतरा, बीपी की गोली खाएं : सुक्खू

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 07:20 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा के एक गुट से जयराम ठाकुर की कुर्सी को खतरा है। विपक्ष अपने 5 गुटों में उलझ कर रह गया है। भाजपाई कन्फ्यूज्ड हैं। प्रदेश के 60 हजार करोड़ रुपए लुटाकर भाजपाई सत्ता में आने के हसीन सपने देख हैं। जयराम को बहुत गुस्सा आता है। उनके गुस्से का कारण उनकी अपनी पार्टी है। जयराम विपक्ष के नेता हैं और उन्हें गुस्सा नहीं करना चाहिए।

जिस प्रकार की जयराम की भाषा है, उन्हें अपना ब्लड प्रैशर जरूर चैक करवाना चाहिए और बीपी की गोली खाएं। जयराम को तनाव है और वह विस में चीखने लगते हैं। एक गुट उन्हें कुर्सी से हटाने की कोशिश कर रहा है। जयराम अपनी आपसी लड़ाई लड़ें। जब चुनाव का मौका आएगा, तब जनता खुद फैसला करेगी। भाजपा ने जल्दबाजी में 3 आजाद विधायकों के इस्तीफे करवा दिए और चुनाव में उनमें से 2 हार गए।

सीएम ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में ओपीएस को रिव्यू करने का सवाल ही उत्पन्न नहीं होता है। कांग्रेस सरकार जब बनी तो पहली कैबिनेट में ही ओपीएस देने का फैसला किया था। यह सरकार की वचनबद्धता है और जितना भी दबाव क्यों न हो लेकिन ओल्ड पैंशन स्कीम जारी रहेगी। भाजपा इस मामले को लेकर दबाव की राजनीति कर रही है परन्तु सरकार झुकने वाली नहीं है। सीएम ने कहा कि हम राजनीतिक लाभ के लिए सत्ता में नहीं आए हैं। यदि राजनीतिक लाभ लेना होता तो ओपीएस वर्ष 2027 में घोषित करते।

सीएम ने कहा कि हरोली क्षेत्र में बल्क ड्रग पार्क का निर्माण तेजी से किया जाएगा। भारत और हिमाचल सरकार मिलकर यह कार्य कर रही है। इसका टैंडर करवाने के बाद आज इसका भूमिपूजन किया गया है। आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश ए.पी.आई. का हब बन जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा दृष्टिकोण बड़ा स्पष्ट है। जब इस प्रोजैक्ट को ले लिया, हालांकि भाजपा पार्टी के समय इसकी बोली लगी थी लेकिन हम उनकी योजना को ही आगे बढ़ा रहे हैं। इसमें पैसे की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बद्दी में फार्मास्यूटिकल के हब हैं। इनमें 30 से 32 प्रतिशत फार्मास्यूटिकल एशिया की बद्दी में पैदा होती है। यदि यहां ए.पी.आई. आएगा तो इसका निश्चित तौर पर लाभ होगा।

उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से कांग्रेस पार्टी प्रदेश हित में कार्य कर रही है। समान विकास कर रही है। केंद्र ने 10 हजार करोड़ रुपए आर.जी.डी. काट दी है लेकिन क्या हम रुकने वाले हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दृष्टि से आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की सोच केवल कांग्रेस की है।

अभी तो हिमकेयर योजना के तहत 2 अस्पतालों का ही ऑडिट हुआ है। पुरुषों के ही बच्चेदानी के ऑप्रेशन कर दिए गए हैं। और भी अस्पतालों की जांच हो रही है। हिमकेयर योजना को बंद नहीं कर रहे, बल्कि इसमें मौजूद खामियों को दूर कर रहे हैं। हिमकेयर में बड़ा घोटाला हुआ है। जनता का धन किस प्रकार से लूटा गया है, उसे लेकर सरकार गंभीर है।

सीएम ने कहा कि बजट में 300 यूनिट बिजली फ्री की गई है। 1500 रुपए एक लाख परिवारों को देंगे, जबकि 35 हजार को दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, आम आदमी, किसान, मजदूरों व सरकारी कर्मचारियों को उनके हकों से महरूम नहीं रखा जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News