फंदे पर झूला हिमुडा का मैनेजर, अधिकारियों को बताया मौत का जिम्मेदार

Monday, Nov 27, 2017 - 10:07 PM (IST)

ऊना : जखेड़ा में अपने विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सुसाइड नोट लिखकर हिमुडा का वर्कस मैनेजर फंदे पर झूल गया और उसकी मौत हो गई। देर शाम हुए इस घटनाक्रम की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान पवन कुमार (50) निवासी ज्वार, अम्ब व जिला ऊना के रूप में हुई है। मृतक इलाके में एक कंस्ट्रक्शन वर्क में लगा हुआ था और किराए के कमरे में रह रहा था।

मृतक ने एक सुसाइड नोट भी लिखा
फंदे पर झूलने से पहले मृतक पवन कुमार ने एक सुसाइड नोट भी लिखा है, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार हिमुडा के कुछ अधिकारियों को बताया है। नोट में अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए गए हैं और स्वयं पर दबाव के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में सुसाइड नोट को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और उसमें लगाए गए आरोपों को लेकर पड़ताल शुरू कर दी है। इस मामले को लेकर अब पुलिस परिवार के सदस्यों के भी बयान कलमबद्ध करेगी और विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी जांच की जद्द में लेगी। आने वाले दिनों में इस पूरे मामले को लेकर हिमुडा के अधिकारियों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।

एस.पी. संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वहां से मिले सुसाइड नोट की पड़ताल शुरू कर दी गई है। सुसाइड नोट में विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं और कई तरह के आरोप जड़े हैं जिनकी पड़ताल की जा रही है।