Una: बेसहारा पशु आने से 2 सड़क हादसे, बुजुर्ग की मौत

punjabkesari.in Monday, Jun 16, 2025 - 05:16 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशु अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगे हैं। ताजा मामला अम्ब-ऊना राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ते गांव दिलवां से सामने आया है, जहां रविवार शाम और रात को 2 अलग-अलग सड़क हादसों में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। इन दोनों घटनाओं का मुख्य कारण अचानक सड़कों पर आ गए पशु बने। पहली दुर्घटना में रविवार देर शाम दिलवां के समीप एक स्कूटी सवार बुजुर्ग उस समय दुर्घटना का शिकार हो गए जब सामने अचानक पशु आ गया। इस हादसे में 76 वर्षीय सोढ़ी लाल पुत्र जगरनाथ निवासी मुकेरियां पंगाला झुग्गी, जिला होशियारपुर (पंजाब) गंभीर रूप से घायल हो गए। वह अपनी पोती ऋतिका पुत्री बलराम कृष्ण के साथ स्कूटी पर मुकेरियां से चौकीमन्यार जा रहे थे। जानकारी के अनुसार पशु से बचने के प्रयास में वाहन से संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी स्किड हो गई।

हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें पहले क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। यहां से चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। गनीमत रही कि उनकी पोती को कोई गंभीर चोट नहीं आई। दूसरी घटना रविवार रात्रि करीब 2.30 बजे की है। एक कार जो दिल्ली से नूरपुर की ओर जा रही थी, के सामने अचानक एक नीलगाय आ गई। चालक ने नीलगाय को बचाने की कोशिश की, लेकिन वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार में सवार रवि कुमार व राकेश कुमार को मामूली चोटें आई हैं, जबकि वाहन को भारी नुक्सान हुआ है। थाना प्रभारी अम्ब अनिल उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने सड़क हादसे में मौत का शिकार हुए बुजुर्ग का पीजीआई चंडीगढ़ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को वारिसों के सुपुर्द कर दिया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News