प्रो-कबड्डी टीम में शामिल हुए चम्बा के 2 खिलाड़ी, हरियाणा में दिखाएंगे दमखम

Monday, Jul 09, 2018 - 10:39 PM (IST)

चम्बा: राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली कबड्डी प्रो-लीग में जिला चम्बा के 2 युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इन दोनों खिलाडिय़ों ने अपने बेहतर खेल प्रदर्शन के दम पर प्रदेश की कबड्डी टीम में जगह बनाने में सफलता हासिल की है। जिला के चम्बा की ग्राम पंचायत बाट के मुहम्मद सफी पुत्र अल्लादीता निवासी गांव चडियारा व मोहन लाल पम्मू पुत्र रामदयाल निवासी गांव जसौरगढ़ आज जिला मुख्यालय से हरियाणा के पानीपत में 10 से 15 जुलाई तक आयोजित होने वाली राष्ट्र स्तरीय 62 किलोग्राम भार की प्रो-कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हुए। इन खिलाडिय़ों ने बताया कि पहला मौका है जब इस खेल में जिला चम्बा के खिलाडिय़ों को इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तरीय प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि वे अपने खेल के दम पर राष्ट्र स्तर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब होंगे।


चम्बा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं
गौरतलब है कि जिला चम्बा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हाल ही में जिला चम्बा की बेटी सीमा ने राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दौड़ प्रतियोगिता में कई मैडल अपने नाम कर जिला व चम्बा के साथ देश का नाम रोशन किया। अब कबड्डी के क्षेत्र में चम्बा जिला के दो युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपना दमखम दिखाने का जो मौका हासिल किया है नि:संदेह वह न सिर्फ उनके लिए बल्कि जिला चम्बा के लिए गौरव की बात है क्योंकि इन युवाओं के माध्यम से जिला चम्बा की दम तोड़ खेल प्रतिभाओं को संजीवनी मिलने की उम्मीद है।

Vijay