ढांक से गिरने से दो लोग घायल, टांडा रैफर

Thursday, Jul 29, 2021 - 04:58 PM (IST)

चम्बा (काकू): जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में गिरने से दो लोग घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा पहुंचाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को टांडा रैफर कर दिया है। मनोहर लाल (45) पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव डडोग सलूणी गांव में शादी के लिए गया था। शादी समारोह के बाद बुधवार रात को वापस लौट रहा था। इस दौरान घर से कुछ ही दूरी पर अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ढांक से नीचे गिर गया। सुबह ग्रामीणों ने उसे अचेत अवस्था में देखा। इसकी सूचना परिजनों को दी।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया। उधर, संदीप कुमार (24) पुत्र योगराज निवासी कुनेड काम पर गया था। रात को घर वापस लौटते समय ढांक से गिर गया। सुबह किसी ने उसे बेसुध पड़े हुए देखा। इसके बाद परिजन घर से लगभग 8 किलोमीटर पैदल पालकी में उठाकर सड़क तक लाए। इसके बाद वाहन के माध्यम से चम्बा अस्पताल पहुंचाया गया। मैडीकल कॉलेज के एम.एस. डा. देवेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए टांडा रैफर कर दिया गया है।

 

Content Writer

Kaku Chauhan