पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, नशीलों पदार्थों की खेप सहित 2 गिरफ्तार

Tuesday, Jan 08, 2019 - 07:47 PM (IST)

कुमारसैन/रोहड़ू (नीरज): पुलिस ने बीती रात 2 अलग-अगल मामलों में 2 लोगों को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। पहले मामले में पुलिस थाना कुमारसैन के तहत सोमवार को सैंज चौकी की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान करीब 12 बजे सैंज-लुहरी संपर्क सड़क पर एक व्यक्ति से चरस और अफीम बरामद की। जानकारी के अनुसार पैट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम ने देर रात्रि सैंज-लुहरी सड़क पर कानीनाला के निकट एक व्यक्ति को घूमते हुए पाया। जब उससे घूमने का कारण पूछा तो वह वापस लुहरी की तरफ भागने लगा व अपने हाथ से कोई वस्तु सड़क किनारे फैंक दी।

पॉलीथीन के लिफाफे से बरामद की चरस व अफीम

मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत उक्त व्यक्ति को दबोचा तथा सड़क किनारे फैंकी वस्तु को कब्जे में लिया जब उक्त वस्तु की जांच की तो पॉलीथीन के लिफाफे से 67 ग्राम चरस व 48 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए डी.एस.पी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान अनिल कुमार गांव कुफरी तहसील कुमारसैन के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।

थाना केंची में युवक हैरोइन सहित काबू

दूसरे मामले में रोहड़ू पुलिस ने नशीले पदार्थ हैरोइन सहित एक युवक को हिरासत में लिया है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार (डी.एल. 4सी-एई-0649) में सवार युवक नरेश कुमार (27) पुत्र गरेटा राम गांव कोटड़ू को टिक्कर के समीप थाना केंची के पास तलाशी के दौरान हिरासत में लिया। युवक से 9.62 ग्राम हैरोइन बरामद की गई है और आरोपी के खिलाफ  एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है। डी.एस.पी. रोहड़ू ने मामले की पुष्टि की है।

Vijay