संगड़ाह में दो और लोग कोरोना पॉजिटिव

Thursday, Sep 24, 2020 - 06:44 PM (IST)

संगड़ाह (जय प्रकाश) : उपमंडल संगड़ाह में गुरुवार को कुल 31 लोगों के कोविड सैंपल लिए गए, जिनमें से दो लोग पॉजिटिव पाए गए। संगड़ाह अस्पताल में सैंपल करवाने पंहुचे 12 लोगों में से एक तथा नौहराधार में आए 19 लोगों में से भी एक शख्स पॉजिटिव पाया गया। पहली बार यहां रेपिड टेस्ट किट से सैंपल लिए गए, जिनकी रिपोर्ट करीब आधे घंटे में लोगों को जारी की गई। गुरुवार को कुछ सैंपल कोरोना पॉजिटिव शख्स के संपर्क में आए लोगों के लिए गए। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में अब तक 1100 के करीब लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से करीब 40 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उक्त 40 लोगों में से कितने ठीक हो चुके हैं, इस बारे प्रशासन द्वारा अभी आधिकारिक जानकारी दिया जाना शेष है। इससे पूर्व कोविड सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेजे जा रहे थे। स्वास्थ्य खंड संगड़ाह के चाढ़ना, खाला-क्यार, लवाली, नौहराधार, चुनवी, संगड़ाह, हिंडगा व लगनू आदि में अब तक कोविड मरीज आ चुके है। 

करीब एक लाख की आबादी वाले स्वास्थ्य खंड संगड़ाह की 41 पंचायतों में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बावजूद सरकार व प्रशासन अब पहले की तरह स्तर्क नहीं है। संगड़ाह अस्पताल में डॉक्टर के चारों पद खाली होना, स्वास्थ्य खंड के 14 स्वास्थ्य उपकेन्द्रों में कर्मचारी न होने से ताले लगना तथा कोरोना मरीजों के घरों को सेनेटाइज तक नहीं किए जाने से सरकारी लापरवाही का अंदाजा लगाया जा सकता है। एसडीएम संगड़ाह राहुल जैन ने गुरुवार सांय खबर लिखे जाने तक उपमंडल में दो नए कोरोना पॉजिटिव मामले आने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि, कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों के घर के आसपास के इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित करने को लेकर उपायुक्त सिरमौर को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
 

prashant sharma