बड़ी सफलता : चिट्टा कारोबार के सरगना सहित दिल्ली से 2 गिरफ्तार

Thursday, Dec 12, 2019 - 11:28 PM (IST)

भवारना (ब्यूरो): क्षेत्र में चिट्टे के काले कारोबार का सरगना पुलिस के हत्थे चढ़ा है। नाइजीरिया मूल का यह आरोपी क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई को लेकर किंगपिन माना जा रहा है। पुलिस ने उसे एक अन्य स्थानीय आरोपी के साथ दिल्ली से धर दबोचा है। पुलिस की सफलता को क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई पर अंकुश लगाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस नाइजीरिया के इस आरोपी तक गत सप्ताह पुलिस द्वारा चिट्टे के साथ गिरफ्तार 2 आरोपियों से पूछताछ के बाद पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने नाइजीरिया के ओवेरी शहर का निवासी थिऑफिलिस नवोसु और उसके एक सहयोगी पपरोला के परीक्षित को गिरफ्तार किया है।

बता दें कि पिछले शनिवार को पुलिस ने दिल्ली से आ रही बस में से ठाकुरद्वारा में 2 व्यक्तियों से चिट्टा बरामद किया था। उसके बाद पुलिस इस क्षेत्र में चिट्टे के मुख्य सप्लायर को दबोचने के प्रयास में थी। ठाकुरद्वारा में चिट्टे के साथ पकड़े गए व्यक्तियों की निशानदेही पर एसआईटी की टीम ने इन दोनों को पकड़ा। नाइजीरिया निवासी वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी दिल्ली में रह रहा था।

पालमपुर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में चिट्टा पकडऩे से संबंधित कई मामले दर्ज हुए थे, ऐसे में चिट्टा सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना को पकडऩा पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पकड़े गए व्यक्तियों की अन्य मामलों में संलिप्तता का पुलिस पता लगा रही है। डीएसपी अमित शर्मा ने कहा कि पुलिस दोनों अभियुक्तों से गहनता से पूछताछ कर रही है।

Vijay