मां-बाप के इंतजार में अढ़ाई साल के मासूम को मिली दर्दनाक मौत

Sunday, Feb 12, 2017 - 02:12 AM (IST)

जाहू: भोरंज उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत बडैहर में दोमंजिले मकान से गिरकर लगभग अढ़ाई साल के बच्चे की मौत हो गई। वीरवार शाम को यह हादसा सामने आया। बताया जा रहा है कि बच्चा अपनी दादी के साथ तीसरी मंजिल पर बनी रसोई में खेल रहा था। शाम को लगभग साढ़े 6 बजे बच्चे की दादी खाना बनाने में व्यस्त हो गई और बच्चे ने रसोई के बाहर लैंटर पर खेलना शुरू कर दिया। बच्चे का पिता संजीव कुमार जोकि पंचायत में सचिव के पद पर कार्यरत है अपनी पत्नी यानी बच्चे की मांं जोकि शिक्षक के पद पर कार्यरत है, को घर लाने के लिए गया हुआ था। 

बार-बार लैंटर से मुख्य द्वार को निहार था बच्चा 
बच्चा अपने मां-बाप के इंतजार में लैंटर से बार-बार घर के मुख्य द्वार की ओर निहार रहा था। बच्चा अपनी नानी के घर से अपनी दादी के घर आया था और इसी उपलक्ष्य में दादी सभी को इकट्ठा होने पर खाना बनाने के लिए रसोई में व्यस्त हो गई। अचानक जोर से किसी वस्तु के गिरने की आवाज सुनाई पड़ी, जिससे दादी ने बाहर जाकर देखा तो पोता नीचे आंगन में औंधे मुंह गिरा हुआ था। जब तक लोग बच्चे के पास पहुंचे तब तक बच्चा बेहोश हो गया था जिस पर तुरंत बच्चे के ताया ने उसे भोरंज अस्पताल पहुंचाया, जहां से बच्चे को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर को रैफर कर दिया गया।

नहीं बच सकी बच्चे की जान
इस दौरान बच्चे के माता-पिता को भी इस हादसे के बारे में जानकारी मिली तो वे भी सीधे अस्पताल की तरफ  रुख कर गए। बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे हमीरपुर से पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया लेकिन गंभीर चोटों के चलते बच्चे की जान नहीं बच सकी। शनिवार सुबह लगभग साढ़े 8 बजे बच्चे के शव को उसके दादा ने अपने हाथों से दफना दिया। डी.एस.पी. बड़सर अशोक वर्मा ने इस बात की पुष्टि की है।