कुल्लू गैंगरेप मामले में फरार चल रहे 2 आरोपी गिरफ्तार

Friday, Jun 29, 2018 - 10:23 AM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): गैंगरेप में फरार चल रहे दोनों आरोपियों को पुलिस ने वीरवार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर महिला पुलिस थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ चल रही है। दोनों आरोपियों को पुलिस शुक्रवार को न्यायालय में पेश करेगी। पर्यटन नगरी मनाली में हुई गैंगरेप की इस वारदात में पुलिस ने पहले ही पंजाब के बठिंडा से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जो बीते बुधवार से न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं। अब फरार चल रहे दोनों आरोपी भी धर लिए गए। पुलिस के अनुसार मनाली में 2 लड़कियों के साथ गैंगरेप की वारदात को इन आरोपियों ने अंजाम दिया था।


गैंगरेप की वारदात का शिकार लड़कियों में एक नाबालिग है। इन लड़कियों की पहले गुमशुदगी की रपट दर्ज हुई थी और बाद में मामले में तब नया मोड़ आ गया जब लड़कियों की बरामदगी के बाद नाबालिग लड़की की मां ने पुलिस को गैंगरेप के बारे में बताया। उसके बाद पुलिस ने पंजाब से 3 आरोपी गिरफ्तार किए और अब 2 आरोपी मीने राम और डूर सिंह कुल्लू के बंजार से धरे गए। वीरवार को गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश करते समय पुलिस इन्हें रिमांड में लेने के लिए न्यायालय में अरजी दाखिल करेगी। महिला पुलिस थाना प्रभारी ओमा ठाकुर ने फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। 

Ekta