चंडीगढ़-मनाली NH पर पलटा ट्रक, वाहनों की थमी रफ्तार

Friday, Sep 14, 2018 - 10:00 PM (IST)

बिलासपुर: चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग-205 पर एक ट्रक के पलट जाने से इस सड़क पर कुछ देर के लिए पहियों की रफ्तार थम सी गई। इस सड़क पर जहां कुल्लू-मनाली जाने वाले सैलानियों, बसों व 3 सीमैंट कंपनियों के ट्रकों का आवागमन होता रहता है तथा यहां पर दिन-रात वाहनों की आवाजाही एक समान बनी रहती है। सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को वन-वे कर यातायात को बहाल करवाया लेकिन तब तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग चुकी थीं। आलम यह था कि सड़क पर लगा यह जाम शुक्रवार सुबह को एक तरफ कोठीपुरा तो दूसरी तरफ छड़ोल तक पहुंच गया था।

डेढ़ घंटे का सफर 5 घंटे में किया तय
जानकारी के अनुसार गंभरोला पुल के पास एक ट्रक सड़क किनारे पलट गया, जिससे यह सड़क वन-वे हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आलम यह था कि स्वारघाट से बिलासपुर के करीब डेढ़ घंटे के सफर को तय करने के लिए लोगों को 5 घंटे का समय लग गया। चंडीगढ़ से आ रहे ज्ञान सिंह ने बताया कि वह रात को एक बजे स्वारघाट पहुंच गए थे, लेकिन सड़क के वन-वे होने के चलते वे शुक्रवार सुबह 6 बजे बिलासपुर पहुंचे।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी
वहीं थाना सदर के प्रभारी योगराज चंदेल ने बताया कि सड़क यातायात के लिए बंद नहीं हुई थी। वन-वे करके यातायात को बहाल कर दिया गया था। वहीं एस.पी. बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि सड़क पर ट्रक गिरने की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। यातायात को वन-वे कर दिया गया था ताकि लोगों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो।

Vijay