दर्दनाक हादसा : ट्राले के नीचे आने से 8 माह के मासूम की मौत

Thursday, Jun 06, 2019 - 09:39 PM (IST)

झंडूता: उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत गेहड़वीं के गांव काहली के नजदीक एक 8 महीने के बच्चे की ट्राले के नीचे आने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार काहली गांव के नजदीक प्रवासी लेबर एक डंगे का कार्य कर रही थी। इसी लेबर के एक व्यक्ति रामदेह निवासी जिला बदायूं यू.पी. का 8 माह का बच्चा सड़क किनारे सो रहा था और उसके ऊपर एक कपड़ा डाला हुआ था।

उसी जगह पर ही एक ट्राले में लोहे की बड़ी प्लेटें लोड की जा रही थी। इस दौरान जब  अचानक ड्राइवर ने गाड़ी चलाई तो बच्चा गाड़ी के नीचे आ गया। हादसे के तुरंत बाद बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल बिलासपुर रैफर कर दिया गया, वहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डी.एस.पी. बिलासपुर संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।

 

Vijay