Sirmaur: कालाअंब में रफ्तार का कहर! रेत से भरा ट्राला अनियंत्रित होकर पलटा...पलभर में चकनाचूर हुईं 20 बाइकें

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 04:50 PM (IST)

कालाअम्ब (प्रताप): हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में रेत से लदे ट्रालों का खौफ बढ़ता जा रहा है। बुधवार को सलानी पुल के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां रेत से भरा एक ट्राला अचानक अनियंत्रित हो गया, जाेकि सीधे एक उद्योग के गेट के बाहर पलट गया। गनीमत यह रही कि उस समय वहां कोई कर्मचारी या राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस हादसे में उद्योग के बाहर खड़ीं करीब 20 बाइकें ट्राले के नीचे दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्राला चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने चालक पर 31 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। जांच में सामने आया है कि 3 बाइकें पूरी तरह कबाड़ में तब्दील हो गई हैं, जबकि 17 अन्य बाइकों को भी भारी नुक्सान पहुंचा है।

कालाअंब क्षेत्र में अप्रैल महीने में यह दूसरी ऐसी बड़ी घटना है, जिसने स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। लोगों का आरोप है कि ये ट्राला चालक सड़कों को रेस ट्रैक समझते हैं। बेतहाशा रफ्तार और खतरनाक ओवरटेकिंग के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि जल्द ही इन बेलगाम वाहनों पर नकेल नहीं कसी गई, तो वे सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। इस मामले पर एएसपी योगेश रोल्टा ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और गहनता से जांच की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से सख्त कदम उठाए जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News