कामगार के कोरोना पॉजिटिव आने पर IIIT सलोह का कैंपस सील

Sunday, Jul 12, 2020 - 07:40 PM (IST)

ऊना (विशाल): बीते शनिवार की रात टांडा मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में सलोह में एक युवक के पॉजिटिव आने के चलते ट्रिप्पल आईटी सलोह का कैंपस सील कर दिया गया है। यहां काम करने वाले लगभग 50 कामगारों को भी होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। उनको स्वास्थ्य संबंधित दिशा-निर्देश भी स्वास्थ्य विभाग की खंड हरोली की टीम ने जारी कर दिए हैं, वहीं पॉजिटिव मरीज को खड्ड स्थित कोविड अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।

एक ही कमरे में अपने 9 साथियों के साथ रह रहा था कामगार

जानकारी के अनुसार सलोह में ट्रिप्पल आईटी का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कार्य के निर्माण में लगी कंपनी में बिहार से बस में लगभग 40 लोग काम करने के लिए लाए थे जिनको यहां कमरों में रखा गया था। इस निर्माण कंपनी द्वारा भेजी बस में 8 जुलाई को उक्त युवक बिहार के चंपारण से सलोह पहुंचा था और यहां कंपनी के कमरों में रह रहा था। उसके स्वास्थ्य विभाग खंड हरोली ने रैंडम सैंपल लिए थे, जिनमें वह पॉजिटिव आया है। उक्त कामगार एक ही कमरे में अपने 9 साथी कामगारों के साथ रह रहा था।

कांगड़ा भी गए थे कुछ कामगार

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जुटाई गई जानकारी के अनुसार उक्त बस न केवल यहां सलोह के लिए कामगार लेकर पहुंची थी बल्कि यहां से कुछ कामगार कांगड़ा भी गए थे। कांगड़ा गए कामगारों की लिस्ट स्वास्थ्य विभाग ने तैयार करनी शुरू कर दी है और इस लिस्ट को कांगड़ा जिला के प्रशासन के साथ सांझा किया जाएगा। इस संबंध में कांगड़ा के प्रशासन को सूचना देने के लिए ऊना जिला प्रशासन कवायद अमल में ला रहा है।

क्या बोले बीएमओ हरोली

बीएमओ हरोली डॉ. संजय मनकोटिया ने बताया कि  ट्रिप्पल आईटी के निर्माण कार्य स्थल को सील कर दिया गया है और यहां लगभग 40 से अधिक कामगारों को होम क्वारंटाइन किया गया है। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर एहतियातन निर्देश दिए हैं। आगामी दिनों में पॉजिटिव के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।

Vijay