टीम बिंदल में त्रिलोक कपूर की अहम ताजपोशी, संगठन की मजबूती और मिशन रिपीट पर रहेगा फोकस

Tuesday, Feb 25, 2020 - 11:01 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): भाजपा के राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा में लंबी पारी खेलने के बाद त्रिलोक कपूर की टीम बिंदल में महामंत्री के तौर पर अहम ताजपोशी हुई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की गुडबुक में शामिल त्रिलोक कपूर नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर बनी भाजपा की राष्ट्रीय प्रचार समिति के सदस्य के तौर पर हाल ही में काफी सक्रिय रहे हैं। लोकसभा चुनाव में भी कपूर कांगड़ा-चम्बा सीट से टिकट के प्रबल दावेदार रहे। संसदीय चुनाव में प्रत्याशी न बनाने पर भी कपूर ने हाईकमान के आदेशों का सम्मान करते हुए संगठन का काम जारी रखा जिसका फल अब जाकर उन्हें मिला है।

महामंत्री की जिम्मेदारी को चुनौती की तरह लूंगा

उन्होंने पंजाब केसरी से बातचीत में कहा कि प्रदेश महामंत्री के पद को वह एक चुनौती की तरह लेंगे। उनका फोकस सूबे में पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार से बेहतर तालमेल बिठाकर सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित बनाने का रहेगा। कपूर ने कहा कि वर्ष 2022 में पार्टी को पुन: सत्ता में लाने के लिए वह कार्यकत्र्ताओं को साथ लेकर काम करेंगे।

कई राज्यों में काम करने का अनुभव आएगा काम

उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से बतौर प्रभारी कार्य करने के दौरान हासिल हुआ अनुभव भी उनके काम आएगा।  उन्होंने कहा कि 27 फरवरी की शाम प्रदेश कार्यालय दीपकमल में भाजपा विधायक दल के अलावा प्रदेश भाजपा के नए पदाधिकारियरों और सभी मोर्चों-प्रकोष्ठों की बैठक बुलाई गई है जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा करेंगे। इस बैठक में संगठन का अगला रोडमैप तय होने की उम्मीद है।

Vijay