पालमपुर के विकास में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी : त्रिलोक कपूर

Sunday, Jun 06, 2021 - 06:02 PM (IST)

पालमपुर (ब्यूरो): पालमपुर के विकास में किसी भी प्रकार से कमी नहीं आने दी जाएगी। ये शब्द भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं हिमाचल प्रदेश वूल फैडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने ग्राम पंचायत पडियारखर के अंतर्गत ओर्डर गांव में जनता से संवाद के दौरान कहे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से जारी डेढ़ करोड़ की लागत से ध्रमण, सुंगल, मठ, पडियारखर लछुं, सरसोआ और पुरानी पलम के लिए अलग-अलग 2 पेयजल योजनाओं के अंतर्गत पाइप लाइन बिछाने का कार्य कल से शुरू हो रहा है। यही नहीं, जल जीवन मिशन के तहत 3 करोड़ की एक और पेयजल योजना जो ग्राम पंचायत स्पैडू, नैन, ननाहर, रजेड, पडियारखर और सुंगल के लिए स्वीकृत हुई है, उसका कार्य भी इसी महीने के अंत तक शुरू हो जाएगा।

कपूर ने बताया कि ओर्डर गांव के लोगों के आग्रह पर मेन रोड से ओर्डर गांव तक लगभग 1 किलोमीटर सड़क को कंक्रीट युक्त बनाने के लिए भी संबंधित विभाग को निर्देश दे दिए हैं। इसके पश्चात उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंडबाड़ी पहुंच कर एक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी भेंट किया। इस मौके पर बीएमओ डॉ. मीनाक्षी गुप्ता सहित स्वास्थ्य कर्मचारी और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

कपूर ने बताया कि घुघर खिलडु वार्ड से रहे भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र सिन्हा के आग्रह पर घोगरा बस्ती घुघर में चल रहे पक्की सड़क के निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया। वहीं बंदला से गुजरने वाली क्षतिग्रस्त हुई देई कूलह का भी मौके पर जाकर जायजा लिया तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त कूलह का कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया। इस अवसर पर बंदला गांव के कई किसान और बिंदिया युवक मंडल के सदस्य भी उपस्थित थे।

भाजपा नेता ने ग्राम पंचायत कलुंड में पौधारोपण भी किया। उन्होंने इस अवसर पर चिनार का पौधा लगाया। कपूर ने कहा कि कोरोना जैसी इस महामारी के दौर में जहां इंसान अपने जीवन की रक्षा के लिए चिंतित है, वहीं इंसान को जाने-अनजाने में ही सही यह महामारी एक सीख भी दे रही है कि हमें अपने पर्यावरण को किस तरह सुरक्षित रखना चाहिए।

Content Writer

Vijay