ऊना-बड़सर हाईवे पर 2 कारों के बीच जबरदस्त टक्कर, महिला सहित 3 घायल

Wednesday, Feb 27, 2019 - 10:08 PM (IST)

बंगाणा: ऊना-बड़सर हाईवे पर बुधवार सायं 4 बजे के करीब अमरेहड़ा में 2 कारों के बीच तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होने से आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों कार चालकों समेत एक महिला घायल हुई है, जिन्हें तत्काल सिविल अस्पताल बंगाणा ले जाया गया। दुर्घटना के तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरांत स्थिति गंभीर होने पर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है, जिनमें से दोनों कारों के चालकों मनजीत सिंह ऊना तथा मुनिन्द्र सिंह मलिकपुर रोपड़ की हालत ज्यादा गंभीर है। इस दुर्घटना में दोनों कारों को भी नुक्सान पहुंचा है। बंगाणा पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच कर दुर्घटना के कारणों की छानबीन करने के उपरांत सिविल अस्पताल में दुर्घटना के घायलों का ब्यौरा लिया।

एक कार हमीरपुर तो दूसरी जा रही थी ऊना

ट्रैफिक प्रभारी रविपाल शर्मा के मुताबिक उक्त दुर्घटना में संलिप्त एक कार के सवार बुधवार को मलिकपुर (रोपड़) से अपने रिश्तेदारों के घर हमीरपुर जा रहे थे तथा दूसरी कार लठियाणी की तरफ से ऊना जा रही थी कि मलांगड़ के समीप अमरेहड़ा के तीखे मोड़ पर यह हादसा हो गया। वहीं बंगाणा पुलिस थाना के एस.एच.ओ. प्रकाश चंद शर्मा ने बताया कि दुर्घटना का मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के तीनों घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है।

नहीं थम रहीं दुर्घटनाएं

हाईवे के विभिन्न स्थानों के तीखे मोड़ों पर दुर्घटनाएं थम नहीं रही हैं। तेज रफ्तार के चलते वाहन मोड़ों पर अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने तीखे मोड़ों पर दुर्घटना सूचक साइन बोर्ड भी लगा दिए हैं लेकिन साइन बोर्डों की अनदेखी के चलते इस प्रकार के हादसे हो रहे हैं। मार्च माह में बाबा बालक नाथ मंदिर में मेले के कारण हाईवे पर ट्रैफिक काफी बढ़ जाती है। आखिर प्रशासन व संबंधित विभाग हाईवे के तहत विभिन्न स्थानों के ब्लैक स्पॉट की सुध कब लेगा।

Vijay