डल्हौजी के लक्कड़ मंडी गांव में 3 घरों पर गिरा पेड़, 3 लोग बाल-बाल बचे

Tuesday, Jan 18, 2022 - 07:46 PM (IST)

डल्हौजी (शमशेर): डल्हौजी क्षेत्र के लक्कड़ मंडी गांव में 3 घरों के ऊपर पेड़ गिरने से काफी नुक्सान हुआ है। इनमें से एक घर पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है जबकि 2 घरों को आंशिक रूप से नुक्सान पहुंचा है। बीते दिनों क्षेत्र में हुई बर्फबारी के कारण अभी भी लोगों की समस्या बरकरार है। लक्कड़ मंडी गांव में अभी भी लगभग 4 से 5 फुट तक बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई है। इसके कारण पेड़ों पर भी बर्फ होने के कारण एक पेड़ घरों की छतों पर जा गिरा, जिसके कारण घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं अधिकांश लोग सर्दियों के दिनों में कांगड़ा सहित निचले क्षेत्रों में पलायन कर जाते हैं और यह गांव करीब 3 महीने तक पूरी तरह बर्फ में दब जाता है।

इस गांव के बाशिंदे बर्फ पिघलने पर मार्च-अप्रैल के बाद वापस अपने इस गांव में लौटते हैं। ऐसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। हालांकि जिस दौरान यह घटना हुई उस समय एक घर में 3 लोग मौजूद थे जोकि बाल-बाल बचे हैं। ग्रामीण निजय कुमार ने बताया उन्हें स्थानीय दुकानदारों ने फोन के माध्यम से घटना की सूचना दी है। इसके बाद वे मंगलवार को अपने घरों में पहुंचे और इसकी सूचना प्रशासन को देकर पटवारी से घटना का मौका करवाया। उधर, तहसीलदार डल्हौजी राजेश जरियाल ने बताया की घटना की सूचना प्राप्त होने के बाद पटवारी को मौके पर भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट बनाई जा रही है। रिपोर्ट के बाद प्रभावितों को उचित मुआवजा नियमानुसार दिया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay