पेड़ कटान मामले में पहली गिरफ्तार, इन पर गाज गिरना तय

Sunday, Jan 21, 2018 - 09:24 AM (IST)

शिमला: राजधानी शिमला से सटी कोटी वन रेंज में हुए पेड़ कटान मामले में पुलिस हरकत में आ गई है। शिमला पुलिस ने इस मामले में पहली गिरफ्तारी की है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने उस भूपराम नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने दावा किया था कि उसने अपनी भूमि पर पेड़ काटे हैं। राजस्व व वन विभाग ने भूमि की डिमार्केशन की है। ऐसे में यह भूमि सरकारी निकली है जबकि भूमराम अपनी निजी भूमि मानकर चला हुआ था। कोटी रेंज की फनेवट बीट में देवदार, चीड़ और बान समेत कई प्रजातियों के 416 पेड़ काटे जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद मामला निजी भूमि और सरकारी भूमि के बीच फंस गया था।


सरकार ने इस मामले में जांच के लिए कमेटी गठित की और उसकी रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने बीते दिन रिटायर्ड वन रक्षक को चार्ज शीट कर दिया था और 2 बी.ओ. पर भी जल्द कार्रवाई की बात कही है। उल्लेखनीय है कि कोटी रेंज की फनेवट बीट में भूपराम ने ही देवदार, चीड़ और बान के पेड़ पर कुल्हाड़ी चलाई है। अवैध वन कटान का काम बीत 3-4 सालों से चल रहा था लेकिन किसी भी वन अधिकारी ने इसे नहीं रोका। बीते 30 दिसम्बर को यहां का फोरैस्ट गार्ड रिटायर हुआ और जनवरी में नए गार्ड ने ड्यूटी ज्वाइन की। इसके बाद वन विभाग ने ग्रुप पैट्रोलिंग की तो, 400 से ज्यादा पेड़ काटने का पता चला। विभागीय जांच के लिए आला अधिकारियों के नेतृत्व में जांच दल गठित किया गया था। यहां तक वन मंत्री गोविंद ठाकुर ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पेड़ कटान मामले में वन विभाग के संबंधित ऑफिसर व कर्मी भी नप सकते हैं।


पुलिस ने अब कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के निशाने में छोटे से लेकर बड़े ऑफिसर हैं। उस दौरान कौन-कौन से ऑफिसर पदों पर थे। पुलिस ने उनके रिकॉर्ड खंगालने भी शुरू कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि मौके पर ताजा खनन ही नहीं हुआ बल्कि काफी समय पहले से ये पेड़ काटे जा रहे हैं। अगर ऐसा ही हुआ तो विभाग के अधिकारी ने इससे पहले जांच क्यों नहीं की। ऐसे में अब उन पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। 2-3 दिन के अंदर अब पुलिस वन विभाग व कर्मचारियों से भी पूछताछ करेगी। फिलहाल पुलिस भूपराम से गंभीरता से पूछताछ कर रही है। जल्द ही भूपराम को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी उमापति जम्वाल ने कहा कि फिलहाल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की छानबीन जारी है। अगर कोई छानबीन के दौरान दोषी पाया जाएगा तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई तेज होगी। पुलिस मामले को लेकर गंभीरता से छानबीन कर रही है।