मनाली-लेह मार्ग पर सैलानियों के लिए सफर करना अब किसी जोखिम से कम नहीं

Thursday, Nov 02, 2017 - 10:36 AM (IST)

मनाली : सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग सहित कुंजुम दर्रे में वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है। चोटियों पर हुई हल्की बर्फबारी से सभी दर्रों का तापमान माइनस से नीचे पहुंच गया है जिससे पानी भी जमने लगा है। लेह मार्ग के बारालाचा दर्रे के साथ-साथ कुंजुम दर्रे में पानी जमने से जोखिम बढ़ा है। हालांकि इन दिनों मौसम साफ चल रहा है लेकिन अचानक मौसम के खराब हो जाने से राहगीरों व वाहन चालकों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। लेह मार्ग पर लेहवासियों सहित छिटपुट सैलानियों का आना-जाना लगा हुआ है, साथ ही चुनाव प्रचार के चलते कुंजुम दर्रे सहित स्पीति मार्ग में भी वाहनों की आवाजाही जारी है।


निगम ने अपनी सेवाओं को सीमित कर दिया
दूसरी ओर रोहतांग दर्रे में भी सैलानियों का जमघट लगा हुआ है। सरचू में हालांकि लाहौल-स्पीति पुलिस की चैक पोस्ट लगी हुई है लेकिन सरचू से लेकर पटसेउ तक सफर भगवान भरोसे है। अचानक बर्फबारी हो जाने से इस बीच में सफर करना जोखिम से कम नहीं है। मौसम को देखते हुए एच.आर.टी.सी. केलांग निगम ने अपनी सेवाओं को सीमित कर दिया है। एस.डी.एम. मनाली हेमराज बैरवा कहा कहना है कि प्रशासन रोहतांग दर्रे पर मौसम की परिस्थितियों पर नजर रखे हुए है। चुनाव के चलते लोगों की आवाजाही अधिक है। सैलानियों को मौसम देखकर ही मढ़ी से आगे भेजा जा रहा है।