PICS: मनाली में पर्यटकों के साथ हुआ दर्दनाक हादसा

Sunday, Feb 26, 2017 - 09:35 AM (IST)

मनाली: मनाली-रोहतांग मार्ग पर 17 किमी दूर कोठी में पर्यटक वाहन के गिरने से केरला के पर्यटक की मौत हो गई जबकि चालक सहित 3 लोग घायल हो गए। घायलों का सिविल अस्पातल मनाली में इलाज चल रहा है। वाहन में केरला के 8 पर्यटक सवार थे। मृतक की पहचान राम नाथ पुत्र महेश (21) जिला सानूर, केरला के रूप में हुई है जबकि घायल चालक कुज लाल पुत्र जिंदू राम (22) गांव शनाग के रूप में हुई है। केरला के ही 2 अन्य पर्यटक अनुपमा पुत्री जनाघन (22) और जतिन पुत्र दिवांकर (21)को मामूली चोटें आई हैं। ये सभी पर्यटक केरला के इंजीनियर कालेज के छात्र हैं और ग्रुप में मनाली घूमने आए हैं। 

बर्फ देखने की चाह में गए थे कोठी पर्यटन स्थल
पर्यटक वाहन सूमो कार (एच.पी-01 एम 1194) में केरला के पर्यटक बर्फ देखने की चाह लिए कोठी पर्यटन स्थल पर गए थे लेकिन वापसी में मनाली आते समय वाहन कोठी में अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर नीचे ब्यास में जा गिरी। वाहन चालक की सूझबूझ से गाड़ी पेड़ में अटक गई जिससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गाड़ी पेड़ में न अटकती तो भारी नुक्सान उठाना पड़ सकता था।

चालक के खिलाफ मामला दर्ज 
थाना प्रभारी मनाली के.डी. शर्मा ने बताया कि शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घायलों का उपचार करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पर्यटक केरला के आलेबस इंजीनियर कालेज कसारगोल के छात्र हैं। मनाली के तहसीलदार हरीश शर्मा ने बताया कि मृतक और घायलों को फौरी राहत प्रदान की जा रही है।