नड्डा बोले-DPR में देरी से नहीं बन पाए हिमाचल में Trauma Center

Friday, Jun 22, 2018 - 08:24 PM (IST)

शिमला: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि डी.पी.आर. में देरी के कारण हिमाचल प्रदेश के लिए स्वीकृत ट्रॉमा सैंटर नहीं बन पाए। उन्होंने यह बात शिमला स्थित जाखू मंदिर में दर्शन करने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सत्ता में आने पर डी.पी.आर. बनाने का काम शुरू कर दिया है जबकि पूर्व सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया, ऐसे में डी.पी.आर. बनते ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। केंद्र सरकार पहले ही इसके लिए राशि स्वीकृत कर चुकी है।


यहां खुलने प्रस्तावित हैं ट्रॉमा सैंटर
उल्लेखनीय है कि शिमला, मंडी, हमीरपुर, चम्बा और रामपुर में भी ट्रॉमा सैंटर खुलने प्रस्तावित हैं, जिनके लिए करीब 18 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं। इसके अलावा राज्य के अन्य मैडीकल कालेजों में भी इसे खोला जाना प्रस्तावित है। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार ने क्रियाशील मैडीकल कालेजों के लिए ट्रॉमा यूनिट स्वीकृत करने के अलावा सुपर स्पैशलिटी ब्लॉक और कैंसर सैंटर स्वीकृत किए हैं। केंद्र सरकार ने 58 में से 4 मैडीकल कालेज हिमाचल प्रदेश को दिए हंै। हिमाचल प्रदेश ऐसा राज्य है, जहां पर चारों मैडीकल कालेज क्रियाशील हो चुके हैं। हमीरपुर मैडीकल कालेज में इस साल 100 सीटों पर प्रवेश शुरू हो चुका है।


हिमाचल के प्रोजैक्टों को लेकर मुख्यमंत्री से हुई चर्चा
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के प्रोजैक्टों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से उनकी चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तरह प्रदेश के साथ विशेष लगाव है। केंद्र और प्रदेश में जब भी भाजपा सत्ता में रही है तो विकास की गति तेज हुई है। मुख्यमंत्री ने इस संदर्भ में अपने अधिकारियों से भी चर्चा की है।


प्रधानमंत्री ने प्रदेश को डिमांड से ज्यादा प्रोजैक्ट और धनराशि दी
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर प्रोजैक्ट में हर क्षेत्र में प्रदेश को डिमांड से ज्यादा प्रोजैक्ट और धनराशि उपलब्ध करवाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही ज्यादा से ज्यादा प्रोजैक्ट की डी.पी.आर. बनकर आएगी, उसे स्वीकृत करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधि होने के नाते वह स्वयं प्रधानमंत्री से इन प्रोजैक्टों को लेकर चर्चा करेंगे ताकि उनका लाभ जनता को मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश से संबंधित प्रोजैक्टों पर विशेष ध्यान दिया है, चाहे वह नैशनल हाईवे हो या हैल्थ से संबंधित प्रोजैक्ट हो।


हिमाचल के विषयों पर स्वास्थ्य मंत्री से होगी चर्चा
जगत प्रकाश नड्डा ने यह पूछे जाने पर कि प्रदेश के कुछ डाक्टर छुट्टी लेकर मरीजों को डेट दे रहे हैं, इस पर उन्होंने कहा कि वह इस संदर्भ में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार से बात करेंगे।

Vijay