CM बोले- प्राइवेट स्कूलों की ट्रांसपोर्ट व्यवस्था जांची जाएगी

Thursday, Apr 12, 2018 - 09:07 AM (IST)

मंडी (पुरुषोत्तम): प्राइवेट स्कूलों की ट्रांसपोर्ट व्यवस्था पूरे प्रदेश में जांची जाएगी। जहां भी ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, वहां संबंधित विभाग को तुरंत एहतियातन कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रैसवार्ता में कहा कि मैं संवेदनशील हूं और नूरपुर हादसे से आहत हूं। भविष्य में इस तरह के हादसे न हो इसके लिए वीरवार को शिमला में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें शिक्षा मंत्री, परिवहन मंत्री और उच्च अधिकारी शामिल होंगे। इस बारे नीति बनाई जाएगी। 


उन्होंने आम लोगों से भी सुझाव आमंत्रित किए हैं। सरकार की ओर से नूरपुर हादसे की मैजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। हादसे में मारे गए बच्चों के परिवारजनों को 5-5 लाख रुपए मुआवजा देने की भी घोषणा की गई है। जहां पर दुर्घटना घटी है वह ब्लैक स्पॉट था। इस बात की जानकारी उन्हें मिली है और उन्होंने इस विषय पर भी पूरी जांच-पड़ताल करने को कह दिया है। जो मैजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं उसमें इस बात को लेकर भी जांच की जाएगी। 


सरकार का बनना एक पड़ाव है मंजिल नहीं: जयराम 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में भाजपा की सरकार बनना एक पड़ाव है मंजिल नहीं। हमें प्रदेश में हर 5 वर्ष बाद सरकार बदलने की प्रथा को बदलना है। हमारा मूलभाव संगठन रहना चाहिए। सरकार को केवल मंत्री या विधायक ही नहीं चलाते बल्कि उनको चलाने में सभी कार्यकर्ताओं का भी सहयोग होना चाहिए। सरकार में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का भी सम्मान होगा। हमारे पास अभी समय है और हमें जल्दबाजी में कोई काम नहीं करना चाहिए। हमें मंजिल तभी मिलेगी जब आगामी 20 वर्षों तक भाजपा की सरकार गुजरात की तर्ज पर बार-बार बने। मंडी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संगठन से अलग नहीं है और संगठन सरकार से। उनकी सरकार संगठन और प्रदेश की जनता के लिए समर्पित है। 

Ekta