रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, ऊना से सहारनपुर के लिए कल से चलेगी ट्रेन

Sunday, Feb 21, 2021 - 05:53 PM (IST)

ऊना (मनोहर): रेल के जरिए सहारनपुर जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। ऊना से सहारनपुर के लिए 11 माह बाद 22 फरवरी से ट्रेन चलनी आरंभ हो जाएगी। इसकी सूचना बाकायदा ऊना रेलवे स्टेशन के नोटिस बोर्ड पर लगा दी गई है। ऊना से सहारनपुर के लिए ट्रेन संख्या 04502 ऊना रेलवे स्टेशन से दोपहर डेढ बजे चलेगी। यह ट्रेन सायं 7.10 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन ऊना से वाया रुपनगर, सरहिन्द, अम्बाला छावनी व यमुनानगर के रास्ते सहारनपुर तक जाएगी। वहीं सहारनपुर से ऊना के लिए ट्रेन संख्या 04501 सुबह साढे 6 बजे चलेगी और दोपहर 12:15 बजे ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।

ऊना से सहारनपुर के लिए चलने वाली ट्रेन करीब 11 माह के बाद चलेगी। इस ट्रेन के चलने से हिमाचल के ऊना के साथ-साथ हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर व साथ लगते पंजाब क्षेत्र के सहारनपुर जाने वाले यात्रियों को इस ट्रेन का लाभ होगा। इसके अलावा उत्तराखंड के हरिद्वार में 27 फरवरी से होने वाले कुम्भ मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इस ट्रेन का काफी लाभ होगा। ऊना से हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को पहले काफी दिक्कतें उठानी पड़ती थी। इसका प्रमुख कारण यह हे कि ऊना से हरिद्वार के लिए ऊना डिपो की केवल एक ही बस सुबह 6:30 बजे चलती थी। ऊना से सहारनपुर ट्रेन के शुरू होते ही अब ऊना से चलने वाली ट्रेनों की संख्या अब 3 हो जाएगी।

ऊना रेलवे स्टेशन के मास्टर वीएस चौहान ने बताया कि 22 फरवरी से ऊना से सहारनपुर के बीच ट्रेन चलेगी। इसकी बुकिंग शुरू हो गई है। इसकी सूचना भी बाहर नोटिस बोर्ड पर लगा दी गई है। सहारनुपर जाने वाले यात्री इस ट्रेन का लाभ उठा सकते हैं।

Content Writer

Vijay