Himachal: बाबा बालक नाथ मंदिर में हादसा: श्रद्धालुओं पर गिरी चट्टान, अमृतसर की महिला घायल
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 10:25 AM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर क्षेत्र में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। रात करीब सवा दस बजे, जब अमृतसर से आया 15-20 श्रद्धालुओं का एक जत्था बैरियर नंबर एक के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक पहाड़ी से एक विशाल चट्टान नीचे आ गिरी। चट्टान के सड़क पर गिरकर टूटने से उसके टुकड़ों की चपेट में आकर अमृतसर निवासी 40 वर्षीय देवी घायल हो गई। गनीमत यह रही कि महिला के साथ मौजूद उसके दोनों बच्चे इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय दुकानदारों और अन्य श्रद्धालुओं ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला की मदद की। मंदिर ट्रस्ट की टैक्सी सेवा में उपलब्ध फर्स्ट एड किट से उसे शुरुआती उपचार दिया गया, जिसके बाद उसे तुरंत ट्रस्ट के अस्थायी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला के घुटने और बाजू में चोटें आई हैं, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद अब उसकी हालत स्थिर है।
इस हादसे ने मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते पर कई ऐसी ढलान वाली पहाड़ियां हैं जहाँ से अक्सर पत्थर गिरते रहते हैं। इससे पहले भी यहाँ भूस्खलन की घटनाएं हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा जालियां लगाई जाएं, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और रात के समय पर्याप्त रोशनी का प्रबंध किया जाए।
मामले पर संज्ञान लेते हुए मंदिर अधिकारी सुभाष मल्होत्रा ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र में फेंसिंग (बाड़) लगवाई जाएगी। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को उस रास्ते के बजाय दूसरे सुरक्षित किनारे से जाने के निर्देश दिए गए हैं और मौके पर एम्बुलेंस व सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।

